उदयपुर: आरएसएस के वरिष्ठ स्वयंसेवक नवलकिशोर शर्मा का 101 वर्ष की आयु में निधन
भारतीय जनसंघ से भाजपा तक सक्रिय रहे नवलकिशोर शर्मा का रविवार को अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें अनेक राजनीतिक व सामाजिक हस्तियां शामिल हुईं।

उदयपुर में आरएसएस के वरिष्ठ स्वयंसेवक नवलकिशोर शर्मा के पार्थिव शरीर पर भाजपा का ध्वज ओढ़ाकर अंतिम विदाई देते हुए भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
उदयपुर, 24 मई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वयोवृद्ध और वरिष्ठतम स्वयंसेवक, भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करने वाले नवलकिशोर शर्मा (मामाजी) का शनिवार शाम निधन हो गया। वे 101 वर्ष के थे। विगत कुछ दिनों से अस्वस्थ होने के कारण उन्हें गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली।
नवलकिशोर शर्मा का व्यक्तित्व सेवा और समर्पण का पर्याय था। जनसंघ के कालखंड में उन्होंने गोगुंदा, कोटडा और झाडोल में चुनाव प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं। भाजपा में वे ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के पद पर सक्रिय रहे। संघ की विचारधारा के प्रति पूर्णतः समर्पित शर्मा वनवासी कल्याण परिषद और भारतीय शिक्षा प्रचार समिति सहित संघ के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों में निरंतर सक्रिय रहे। उनके अनुज शिवकिशोर सनाढ्य भी उदयपुर के विधायक और यूआईटी चेयरमैन रहे थे।
रविवार को सेक्टर पांच स्थित उनके निवास से अंतिम यात्रा आरंभ होकर सेक्टर तीन स्थित मोक्षधाम पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में संघ, भाजपा के पदाधिकारी, विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे। अंतिम संस्कार से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़, प्रमोद सामर, दिनेश भट्ट, पारस सिंघवी, देवीलाल सालवी, डॉ. आलोक चतुर्वेदी, डॉ. विजय विप्लवी, करणसिंह शक्तावत और मंडल अध्यक्ष कन्हैया वैष्णव ने उनके पार्थिव शरीर पर भाजपा का ध्वज ओढ़ाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनके दोहित्र गौरांग शर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी।
अंतिम यात्रा में पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी, पूर्व उपमहापौर लोकेश द्विवेदी, मनोहर चौधरी, जितेन्द्र मारु, पूर्व पार्षद नरेश पंवार, राकेश जैन, संजीव जैन, अजय गुप्ता, कुलदीप जैन व प्रदीप विजयवर्गीय सम्मिलित हुए। साथ ही, स्वामी केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर के कुलगुरु प्रो. राजेन्द्र दूबे, शिक्षक नेता भंवर सेठ, सुखाड़िया विश्वविद्यालय के पूर्व उपाध्यक्ष संजय शांडिल्य, कलडवास चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गिरीश शर्मा, वरिष्ठ स्वयंसेवक अम्बालाल सनाढ्य, कार्तिकेय नागर, राजेन्द्र पामेचा, डॉ. पुष्कर लौहार, भगवती लाल ऊदावत तथा बाबूलाल जैन ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
इस दुखद घड़ी में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया रविवार अपराह्न उनके निवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की। एक शताब्दी के गौरवशाली जीवन को पूर्ण करने वाले नवलकिशोर शर्मा का जाना उदयपुर के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
