उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले की बाघपुरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट की वारदात के बाद से पिछले तीन महीनों से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान राजवीर पुत्र प्रकाशचद्र, निवासी उपली गोरण बाघपुरा के रूप में की है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

घटनाक्रम के अनुसार, 25 जनवरी को बाल्वी बाघपुरा निवासी किशनलाल पुत्र नानालाल ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया था। पीड़ित किशनलाल, जो गुजरात के मोडासा में मजदूरी करता है, 23 जनवरी की रात करीब 10 बजे अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान खाटीकमदी गांव के पास नाडा नामक स्थान पर पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने रुकते ही पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी। वारदात के दौरान एक हमलावर ने हाथ में ली हुई तलवार के उल्टे सिरे से किशनलाल पर प्रहार किया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बदमाश उसका मोबाइल फोन, 12,000 रुपये की नगदी और जरूरी दस्तावेज लूटकर मौके से फरार हो गए।

थानाधिकारी वेलाराम के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस प्रकरण में पूर्व में ही दो बाल अपचारियों को डिटेन कर लिया था। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तलवार और लूटा गया मोबाइल फोन पहले ही बरामद किया जा चुका था, लेकिन मुख्य आरोपी राजवीर पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस की निरंतर दबिश के बाद अब राजवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा की गई यह गिरफ्तारी क्षेत्र में अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story