उदयपुर: कार ओवरटेक विवाद में दो युवकों और दो युवतियों ने किया जानलेवा हमला
सविना थाना क्षेत्र में जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवकों पर हिस्ट्रीशीटरों ने बैसबॉल स्टिक से किया हमला, तीन घायल अस्पताल में भर्ती।

उदयपुर। झीलों की नगरी के सविना थाना क्षेत्र में सड़क पर कार ओवरटेक करने जैसा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो युवकों और दो युवतियों ने मिलकर कार सवार अन्य युवक-युवतियों पर बैसबॉल के डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले और धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में न्यू विद्यानगर सेक्टर 4 निवासी प्रियंका पुत्री बलबीर सिंह राजावत ने सविना थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, 2 मई की रात करीब 11 बजे प्रियंका का भाई निखिल राज सिंह राजावत अपने पिता के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मित्रों और परिजनों के साथ एकलिंगपुरा स्थित गजकरण रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। निखिल के साथ उसके मित्र शुभम बाडा पुत्र योगेश बाडा, डूंगरपुर निवासी अभिषेक राठौर पुत्र ईश्वर सिंह राठौड़, हीतिका चौहान पुत्री मनोहर सिंह एवं अन्य पारिवारिक मित्र मौजूद थे। तड़के करीब 4.30 बजे जब सभी मित्र खाना खाकर अपनी कार से सेक्टर 4 स्थित घर लौट रहे थे, तभी एकलिंगपुरा मेन रोड पर पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें ओवरटेक किया।
विवाद तब बढ़ा जब निखिल ने भी आगे जाकर उस कार को ओवरटेक कर लिया। इससे आक्रोशित होकर दूसरी कार के चालक ने दोबारा निखिल की गाड़ी को ओवरटेक किया और बीच सड़क पर अपनी कार अड़ाकर उनका रास्ता रोक दिया। कार से दो युवक और दो युवतियां नीचे उतरे। आरोपियों ने खुद को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए ओवरटेक करने पर आपत्ति जताई और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान कार सवार दोनों युवतियों ने गाड़ी से बैसबॉल के डंडे निकाल लिए और युवकों के साथ मिलकर निखिल और उसके साथियों पर जानलेवा हमला बोल दिया।
इस बर्बर हमले में निखिल राज सिंह के मुंह, गाल, सिर, पीठ और कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने निखिल के मित्र शुभम बाडा के पेट और शरीर पर डंडों से इतने वार किए कि उसका पांव फ्रैक्चर हो गया। वहीं, अभिषेक राठौड़ के सिर, गले और सीने पर भी घातक प्रहार किए गए। मारपीट के बाद आरोपियों ने सभी को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सविना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर युवक-युवतियों की तलाश तेज कर दी है। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है कि किस तरह युवतियों ने भी इस हिंसक वारदात में सक्रिय भूमिका निभाई।

