उदयपुर: ऋषभदेव में आपसी रंजिश के चलते जीजा-साले पर तलवार से हमला, मामला दर्ज
ऋषभदेव थाना क्षेत्र के मसारो की ओबरी में बाइक सवार युवकों को रोककर पांच लोगों ने किया हमला, पीड़ित के हाथ में आए 9 टांके, पुलिस जांच में जुटी।

उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति और उसके साले पर तलवार से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में दोनों घायल हो गए हैं, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करवाई है।
घटना का विवरण और हमले की वजह
पुलिस के अनुसार, संदीप पुत्र थावरचन्द मीणा, निवासी मसारो की ओबरी फला नई आबादी टेनकी डोगरी ऋषभदेव ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया गया कि 10 मार्च को शाम 6.30 बजे संदीप और उसका जीजा प्रकाश बाइक पर सवार होकर किराणा का सामान लेकर वापस अपने घर की तरफ आ रहे थे।
आरोपियों द्वारा रास्ता रोककर मारपीट
संदीप ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया कि जब वे घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में राहुल पुत्र मुकेश मीणा, निवासी मसारो की ओवरी फला नाडा, सहित पांच लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलोच शुरू कर दी और देखते ही देखते उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
तलवार के प्रहार से गंभीर चोटें
पीड़ित संदीप ने बताया कि आरोपियों ने तलवार से उसके हाथ पर वार किया, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके हाथ पर कुल 9 टांके आए हैं। घटना के दौरान जब उसके जीजा प्रकाश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
