उदयपुर में 17 जून को गूंजेगी हल्दीघाटी विजय की शौर्य गाथा, मोहन भागवत करेंगे राष्ट्र चेतना सभा को संबोधित
उदयपुर में 17 जून को हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने पर मोहन भागवत करेंगे राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को संबोधित। महाराणा भूपाल स्टेडियम में सज रहा है भव्य डोम, मेवाड़ के शौर्य की गूंज से ऐतिहासिक पल बनेगा यादगार।

तस्वीर में उदयपुर के प्रताप गौरव केंद्र में कार्यक्रम के समन्वय कार्यालय का उद्घाटन करते हुए प्रो. कैलाश डागा और विधायक फूल सिंह मीणा।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती और हल्दीघाटी विजय के 450वें वर्ष के उपलक्ष्य में उदयपुर इतिहास के एक भव्य पन्ने को दोहराने के लिए तैयार है। आगामी 17 जून को महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में एक विशाल ‘राष्ट्र चेतना संकल्प सभा’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति द्वारा संचालित प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास का स्मरण करना और हल्दीघाटी की विजय गाथा को वैश्विक स्तर पर स्थापित करना है।
इस महाआयोजन के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत के अनुसार, लगभग 25 से 30 हजार आगंतुकों के आगमन का अनुमान है, जिनके लिए दो लाख वर्गफुट क्षेत्र में एक विशाल डोम निर्मित किया जा रहा है। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए इस डोम में पंखों, मिस्ट सिस्टम और 20 हजार से अधिक कुर्सियों के साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की गई है। अतिथियों की सुविधा के लिए विद्या भवन और फील्ड क्लब परिसर में पार्किंग की गई है, जहाँ से कार्यक्रम स्थल तक आवागमन के लिए आंतरिक यातायात प्रबंधन भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
समारोह को सुव्यवस्थित रूप देने के लिए 20 से अधिक समितियों का गठन किया गया है, जो टेंट, मंच सज्जा, भोजन, पार्किंग और स्वागत जैसी विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है; कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस, एमबी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम और नर्सिंग स्टाफ तैनात रहेगा।
आयोजन के समन्वयन के लिए प्रताप गौरव केंद्र में एक केंद्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन हाल ही में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश डागा और उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा द्वारा किया गया। इससे पूर्व आईजी गौरव श्रीवास्तव और एएसपी उमेश ओझा ने भी आयोजन स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और ऐतिहासिक तथ्यों के प्रसारण हेतु सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न इंफ्लुएंसर मीट का भी आयोजन किया जा रहा है, ताकि जन-जन तक महाराणा प्रताप के शौर्य का संदेश पहुंचाया जा सके। यह सभा न केवल मेवाड़ बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के लिए एक ऐतिहासिक संकल्प का साक्षी बनेगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
