उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक पुराने टायर के गोदाम में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह करीब 6.30 बजे प्रेम प्रसाद सिंधी के "दीपक टायर वर्क" नाम के गोदाम से अचानक आग की तेज लपटें और दूर तक धुएं का गुबार उठने लगा। धीरे-धीरे धुआं उठता देख आस-पास के लोग एकत्रित हुए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को दी गई।

वाहनों को सुरक्षित हटाया और मौके पर पहुंची पुलिस

आग की भयावहता को देखते हुए आनन-फानन में गोदाम के आस-पास खड़े ट्रकों सहित अन्य वाहनों को हटाकर दूर किया गया ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त गोदाम में कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

जेसीबी की मदद से तोड़ी गई बाउंड्री और बुझाई आग

फायर ब्रिगेड की कुल पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। पानी की आपूर्ति के लिए सभी दमकल वाहनों ने कुल 4 राउंड किए। फायर ब्रिगेड टीम ने गोदाम के मेन गेट के अलावा चारों तरफ लगी लोहे की बाउंड्री को जेसीबी की मदद से तोड़ा और पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया।

भारी नुकसान और बचाव कार्य

इस अग्निकांड में ट्रकों के पुराने टायर, पंक्चर का केबिन, कम्प्रेसर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, फायर ब्रिगेड के समय पर आने से गोदाम का आधा हिस्सा आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। धुएं का गुबार इतना घना था कि उसे देखकर आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story