उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में खड़ी बाइक के बाइक टकरा जाने पर हुए खूनी संघर्ष में दो भाईयों सहित चार जने घायल हो गए। हमलावरों के खौफ से घबराए पीड़ित परिवार ने वर्तमान में थाने में शरण ले रखी है।

विवाद का घटनाक्रम और हमला

जानकारी के अनुसार बेडवास निवासी कुणाल (20) पुत्र नीतिन कुचबन्दा बुधवार दोपहर बाइक लेकर आया था। उसकी बाइक वहां पहले से खड़ी एक अन्य बाइक से टकरा गई, जिसके बाद बाइक मालिक ने गाली-गलौच शुरू कर दी। जब कुणाल ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो हमलावर ने उस पर धारदार हथियार से सिर पर वार कर दिया।

बीच-बचाव के दौरान हिंसा और धमकी

जब कुणाल का छोटा भाई निखिल (18) अपने भाई को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आया, तो हमलावरों ने उसके सिर में भी चाकू से वार कर दिया। देखते ही देखते वहां सतीश, ब्रजेश, लखन, भानू, रघुवीर, विक्की व अन्य 20-25 जने आ गए। इन सभी ने दोनों भाइयों और उनके परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें कुल चार जनों को चोटें आईं। इस दौरान हमलावरों ने पीड़ित पक्ष को घर खाली कराने की धमकी भी दी।

पुलिस कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

हमलावरों से बुरी तरह घबराए हुए परिवार ने सुरक्षा के लिए थाने में शरण ली है। निखिल की रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घायलों का उपचार व मेडिकल कराया है और मामले में आगे की अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story