उदयपुर जिले के पाटिया थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसी ईनोवा कार को जब्त किया है, जिसका नंबर बदलकर उसे तस्करी के काले कारोबार में उपयोग में लिया जा रहा था।

नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान पकड़ में आई संदिग्ध कारें

जानकारी के अनुसार एएसआई विनोद कुमार, हैड कांस्टेबल हितेष कुमार और कांस्टेबल दिलिप कुमार के साथ गश्त पर थे। इस दौरान भोमटावाडा में भरत डांगी की शराब की दुकान के आगे एक ईनोवा कार खड़ी दिखाई दी। जब पुलिस टीम ने इसे चैक किया तो पाया कि गाड़ी के पीछे की नंबर प्लेट गायब थी, जबकि आगे नंबर प्लेट लगी हुई थी। गाड़ी को बारीकी से चैक करने पर ईनोवा की पीछे की दोनों सीटें खुली हुई पाई गईं और गाड़ी के भीतर से शराब की तेज गंध आ रही थी, जिससे स्पष्ट प्रतीत हो रहा था कि इस ईनोवा कार का उपयोग शराब तस्करी के लिए किया जाता है।

मौके से तीन वाहन जब्त, मालिक मिले नदारद

पुलिस को मौके पर ईनोवा के पास ही एक रेड कलर की अन्य कार और शराब ठेके के पीछे की ओर एक टाटा की कार भी खड़ी मिली। चेकिंग के दौरान इन तीनों ही गाड़ियों के वाहन मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे और न ही मौके पर वाहनों से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों कारों को जब्त कर थाने पहुँचाया।

जांच में खुला फर्जी नंबर प्लेट का बड़ा खेल

थाने पर लाकर जब तीनों वाहनों के मालिकों के नाम और पते की जानकारी खंगाली गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिकॉर्ड के अनुसार ईनोवा कार बिपिन भाई पुत्र कन्हैलाल सोनी, निवासी मेहसाणा, गुजरात के नाम दर्ज थी। जब पुलिस ने बिपिन भाई को फोन कर जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि —"उनकी ईनोवा कार व्हाइट कलर की है जो वर्तमान में उन्हीं के पास मौजूद है, यह गाड़ी नंबर तो उनका है पर मौके पर मिली गाड़ी उनकी नहीं है।"

असली मालिक की पहचान और कानूनी कार्रवाई

इसके पश्चात पुलिस ने जब्त ईनोवा कार के इंजन नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर गहनता से पड़ताल की, तो पता चला कि यह असल में इलियास भाई की कार है। जांच में यह सिद्ध हुआ कि इस ईनोवा कार पर लगी नंबर प्लेट पूरी तरह फर्जी है और इसे शराब की दुकान के आगे अवैध शराब भरने के उद्देश्य से ही खड़ा किया गया था। अन्य दोनों गाड़ियों के नंबर सही पाए गए। इस गंभीर कृत्य पर पुलिस ने कार के नंबरों के दुरुपयोग करने और फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story