बेकरिया में नाकाबंदी के दौरान ब्रेजा कार से 127 किलो डोडा चूरा जब्त, चालक फरार
बेकरिया पुलिस ने एनएच-27 पर ब्रेजा कार से 127 किलो 690 ग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया, चालक जंगल में फरार हो गया।

उदयपुर जिले के बेकरिया थाना पुलिस ने एनएच-27 पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्रेजा कार से 127 किलो 690 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया। कार चालक नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस टीम ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
राज्य में सुदृढ़ कानून व्यवस्था स्थापित करने और विभिन्न अपराधों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मुकुल शर्मा एवं वृत्ताधिकारी वृत्त कोटड़ा श्री डुंगरसिंह चुण्डावत के सुपरविजन में थानाधिकारी बेकरिया श्री रामावतार मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस मुख्यालय, जयपुर द्वारा 20 जुलाई 2026 से 20 अगस्त 2026 तक अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अगस्त 2026 को थानाधिकारी रामावतार मीणा मय टीम ने एनएच-27 पर उदयपुर से पिण्डवाड़ा जाने वाले मार्ग पर विशेष नाकाबंदी की थी।
नाकाबंदी के दौरान उदयपुर की तरफ से सफेद रंग की ब्रेजा कार नंबर RJ27 CF6425 आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर रुकने के बजाय नाकाबंदी तोड़कर कार को तेज रफ्तार में पिण्डवाड़ा की तरफ भगा ले गया। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए कार का पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस को पीछे आता देख चालक ने कार को क्यारी से भंवरा खेत जाने वाली सड़क की तरफ मोड़ दिया। आगे सुनसान स्थान पर उसने कार खड़ी कर दी और मौका पाकर पास के घने जंगलों एवं पहाड़ियों की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में काफी तलाश की, लेकिन चालक ओझल होने में सफल रहा।
इसके बाद पुलिस टीम ने लावारिस खड़ी ब्रेजा कार की गहनता से तलाशी ली। कार के भीतर काले रंग के सात प्लास्टिक कट्टे मिले। कट्टों को खोलकर जांच करने पर उनमें अवैध अफीम डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया। वजन करने पर डोडा चूरा का कुल वजन 127.690 किलोग्राम यानी 127 किलो 690 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के साथ तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार को जब्त कर लिया। मामले में बेकरिया थाने पर अज्ञात कार चालक तस्कर के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास सरगर्मी से जारी हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी बेकरिया श्री रामावतार मीणा, सहायक उप निरीक्षक श्री हरि सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्री अमर सिंह, कांस्टेबल श्री सीताराम, कांस्टेबल श्री किशोर कुमार, कांस्टेबल श्री पुष्कर और कांस्टेबल चालक श्री भीखाराम शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई में 127 किलो 690 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।

Vishnu Lohar, Jhadol
नाम: विष्णु लोहार
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल, झाड़ोल)
कार्यक्षेत्र: झाड़ोल, उदयपुर (राजस्थान) - मुख्य रूप से झाड़ोल और गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास का ग्रामीण अंचल
अनुभव: करीब 10 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय एवं ग्रामीण समाचार: झाड़ोल व गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र, ग्रामीण पंचायतों, सामाजिक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की नियमित कवरेज।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत, विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां, जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम एवं राजनीतिक घटनाक्रम।
- क्राइम: पुलिस कार्रवाई, अपराध संबंधी घटनाएं, कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक मामलों की रिपोर्टिंग।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, विकास कार्य, शिविरों एवं प्रशासनिक निर्णयों की कवरेज।
- शिक्षा: विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षा योजनाओं, विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं शिक्षा संबंधी समस्याओं पर रिपोर्टिंग।
- स्वास्थ्य: स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं, जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता विषयक समाचार।
- बिज़नेस एवं व्यापार: स्थानीय व्यापार, बाजार गतिविधियां, छोटे व्यवसाय, उद्यमिता एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े विषय।
- सामाजिक एवं जनहित मुद्दे: ग्रामीण समस्याएं, नागरिक सुविधाएं, सामाजिक सरोकार, सरकारी योजनाएं, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों की विशेष कवरेज।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- वाणिज्य स्नातक (B.Com)
- वाणिज्य स्नातकोत्तर (M.Com)
- B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
- BSTC (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट)
