उदयपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल: खेरवाड़ा और नयागांव के बदले थानाधिकारी
उदयपुर जिले के खेरवाड़ा व नयागांव उपखंड में एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बड़ा फेरबदल करते हुए सभी थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है। किन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी और कौन हुआ कार्यमुक्त? जानें पूरी खबर इस रिपोर्ट में।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने खेरवाड़ा व नयागांव उपखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सभी थाना प्रभारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेशों के अनुसार, खेरवाड़ा थानाधिकारी सीआई करनाराम का स्थानांतरण झाड़ोल किया गया है, जबकि उनके स्थान पर मनमंथ आढ़ा को खेरवाड़ा के नए थानाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल की कड़ी में पहाड़ा थानाधिकारी उम्मेदीलाल के स्थान पर राजेश कुमार मीणा को पदस्थापित किया गया है। बावलवाड़ा थानाधिकारी गणपत सिंह राठौड़ के स्थान पर अब उप निरीक्षक रामसिंह नई जिम्मेदारी संभालेंगे, वहीं पाटिया थानाधिकारी देवलाल को हटाकर रमेशचंद्र को कमान सौंपी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़ा, पाटिया एवं बावलवाड़ा के थानाधिकारियों का उदयपुर जिले में निर्धारित कार्यकाल पूर्ण हो चुका था, जिसके चलते उनका अंतरजिला स्थानांतरण किया गया है। नए अधिकारियों की नियुक्ति के साथ ही संबंधित थानों में पदभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
