उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2010 ठिकानों पर दबिश, 502 अपराधी गिरफ्तार
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में 220 पुलिस टीमों ने जिले भर में सघन अभियान चलाकर वांछित अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ बड़ी धरपकड़ की है।

उदयपुर। उदयपुर पुलिस ने रविवार सुबह जिले भर में एक विशेष अभियान चलाकर विभिन्न जगहों पर दबिश दी और 502 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने विभिन्न अपराधों में चालानशुदा अपराधियों व वांछित अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया, जिसके अंतर्गत उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए थे।
220 टीमों का गठन और व्यापक छापेमारी
इसी को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, मुख्यालय व खेरवाड़ा के नेतृत्व में अलसुबह जिले के सभी थानों में 220 टीमों का गठन किया गया। इन टीमों द्वारा 2010 स्थानों पर आकस्मिक चैकिंग व दबिश देकर 502 अपराधियों की धरपकड़ की कार्यवाही की गई, जिसमें 98 स्थाई वारंटों व 12 गिरफ्तारी वारंटों का भी निस्तारण किया गया। कार्यवाही के दौरान टीमों द्वारा संपत्ति संबंधी मामलों में चालानशुदा (चोरी, नकबजनी, डकैती, लूट व चेन स्नैचिंग) 408 अपराधियों को चैक किया गया।
विभिन्न अधिनियमों के तहत दर्ज प्रकरण और गिरफ्तारियां
पुलिस द्वारा आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण दर्ज कर 6 आरोपी, आर्म्स एक्ट में 3 प्रकरण दर्ज कर 3 आरोपी, एनडीपीएस एक्ट में 1 प्रकरण दर्ज कर 1 आरोपी व 1 प्रकरण अन्य अधिनियम में दर्ज कर 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस सघन कार्यवाही के दौरान टीमों द्वारा घर में बिजली कनेक्शनों की भी जांच की गई, जिसमें थाना सूरजपोल क्षेत्र में 4 अवैध कनेक्शन मिले, जिन पर अब आगामी कार्यवाही की जा रही है। एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से जिले के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
