दिनांक 13.04.2026 को उदयपुर पुलिस ने "ऑपरेशन त्रिनेत्र" के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशन और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में उदयपुर के तीन थानों—खेरोदा, भीण्डर और मावली—की पुलिस ने संयुक्त सक्रियता दिखाते हुए कुल 1287 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त कर तस्करी में प्रयुक्त 3 स्कॉर्पियो कारों को अपने कब्जे में लिया है।

मावली पुलिस की घेराबंदी और टायर ब्रस्ट कर पकड़ी गई खेप

कार्यवाही के प्रथम विवरण के अनुसार, श्रीमती अंजना सुखवाल (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खेरवाडा) और श्रीमती आशिमा वासवानी (आईपीएस, सहायक पुलिस अधीक्षक वृत मावली) के सुपरविजन में थानाधिकारी अशोक कुमार और फतेहनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी की थी। इस दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो (RJ 14 UN 9190) को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा टायर ब्रस्ट किए जाने पर चालक वाहन को कच्चे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान गाड़ी में 27 कट्टों में भरा 476.032 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। इस टीम में थानाधिकारी अशोक कुमार, छगन लाल, सचिन कुमार, सुरेश, कैलाश कुमार, भंवरलाल सहित फतेहनगर थाने के सोनू, हरिओम, रणजीत सिंह, रामफूल और कैलाश कुमार शामिल थे। मामले का अग्रिम अनुसंधान घासा थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह को सौंपा गया है।

खेरोदा में फिल्मी पीछा और रोंग साइड भागती स्कॉर्पियो जब्त

दूसरी कार्यवाही पुलिस थाना खेरोदा द्वारा की गई, जिसमें 364.580 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त हुआ। श्रीमती अंजना सुखवाल और राजेंद्र सिंह जैन (वृताधिकारी वृत वल्लभनगर) के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश विश्नोई के नेतृत्व में टीम ने सलुम्बर पुलिस की सूचना पर मेनार पुलिया पर नाकाबंदी की। यहाँ काले रंग की स्कॉर्पियो चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी को रोंग साइड में सर्विस रोड पर दौड़ा दिया। पुलिस ने स्टॉप स्टिक की मदद से टायर ब्रस्ट किए, फिर भी चालक एक किलोमीटर तक गाड़ी ले गया और अंततः सुनसान जगह पर वाहन छोड़ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन (GJ 38 BC 4190) से 20 कट्टों में भरा 364.580 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा मिला। इस कार्यवाही में सुरेश विश्नोई, सुनील कुमार, माधव लाल, बाबूलाल, नितेष, कुलदीप, रामनिवास, कमलेष, मनोज, नेमीचन्द, प्रहलाद और साइबर सैल के लोकेश रायकवाल की विशेष भूमिका रही। इसका अनुसंधान भीण्डर थानाधिकारी मुकेशचन्द कर रहे हैं।

भीण्डर पुलिस की मैराथन नाकाबंदी और 446 किलो की बरामदगी

तीसरी कार्यवाही में भीण्डर थाना पुलिस ने 446 किलो 950 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया। थानाधिकारी मुकेशचन्द्र के नेतृत्व में टीम ने फलाडोर रोड पर नाकाबंदी की। एक सफेद स्कॉर्पियो (GJ 03 ML 6907) के चालक ने पुलिस को देख गाड़ी पहाड़ी क्षेत्र की तरफ मोड़ दी। टीम ने लगातार पीछा किया तो चालक भमेला, कुण्डई और वाना होते हुए नारायणपुरा टॉल की ओर भागा। पुलिस ने मंगलवाड टॉल ब्लॉक करवाया तो चालक ने रास्ता बदला और अंत में नारायणपुरा गांव में श्मशान भूमि के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। वाहन की जांच करने पर 22 प्लास्टिक के कट्टों में 446 किलो 950 ग्राम डोडा चूरा पाया गया। इस टीम में मुकेशचन्द्र, हिम्मतसिंह, दुधाराम, निखिल, रामावतार, मानसिंह, अजयपालसिंह, खुशीराम, स्वरूपाराम, शंकरलाल, यश, नरेश, राजेश और साइबर सैल के लोकेश रायकवाल शामिल थे।

पुलिस अधीक्षक की अपील और अपराधियों को चेतावनी

इस बड़ी सफलता पर जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट संदेश दिया कि "जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।" साथ ही उन्होंने जनता से सहयोग मांगते हुए कहा कि "आमजन से अपील की है कि अपराध व अपराधियों की सूचना पुलिस को देवे, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जायेगी।" वर्तमान में सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story