उदयपुर: सूरजपोल पुलिस ने 44 ग्राम चरस के साथ सोनू गर्ग को किया गिरफ्तार
फतह स्कूल के पास दबिश देकर पुलिस ने देबारी निवासी आरोपी को पकड़ा, पूछताछ में गोवर्धन विलास निवासी सप्लायर सागर ओड का नाम आया सामने।

उदयपुर शहर की सूरजपोल थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक युवक को 44 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
थानाधिकारी महेश जोशी ने बताया कि हैड कांस्टेबल बनवारी लाल, कांस्टेबल करण सिंह, गणिराज सिंह एवं प्रभुराम के साथ गश्त करते हुए आरएमवी रोड, अस्थल मन्दिर तिराहा होते हुए सूरजपोल गए। वहां पुलिस टीम को सूचना मिली कि फतह स्कूल के सामने बालाजी मंदिर के पास में एक लड़का संदिग्धावस्था में घूम रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां पर दबिश दी तो एक लड़का पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, जिसका पीछा कर उसे पकड़ा गया।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
पकड़े गए युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम सोनू पुत्र किशनलाल गर्ग, निवासी हिंता (भींडर), हाल वर्दीशंकर पटेल के मकान में झरनो की सराय, देबारी (प्रतापनगर) होना बताया। सोनू की तलाशी लेने पर उसके पास से पांच छोटी थैलियों में कुल 44 ग्राम चरस बरामद हुई।
सप्लाई नेटवर्क का खुलासा
बरामद चरस के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी सोनू ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि "उसने यह चरस सागर ओड निवासी गोवर्धन विलास से मंगवाई थी और वह अपनी आवश्यकतानुसार फोन कर चरस मंगवाता है।" पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
