ऋषभदेव थाना पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गुजरात के हिम्मतनगर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सोने की चेन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मामला 27 जनवरी 2026 का है, जब परिवादी पंकज कुमार पिता शंकरलाल, निवासी ऋषभदेव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पगलयाजी रोड स्थित उनकी दुकान पर दोपहर के समय एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति गुलक खरीदने के बहाने आए थे। परिवादी द्वारा उन्हें गुलक दिखाए जाने के दौरान ही एक व्यक्ति ने उनके गले से करीब सवा दो तोला वजन की सोने की चेन छीन ली और तीनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। इस रिपोर्ट पर ऋषभदेव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

घटना के बाद जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासनिक मार्गदर्शन दिया गया। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी ऋषभदेव अर्जुन सिंह राठौड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी ऋषभदेव हेमन्त अहारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की गहन तलाश शुरू की।

सघन प्रयास के बाद पुलिस टीम को सफलता मिली और मामले में शामिल पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी भूपेन्द्र उर्फ पप्पू पिता काउड़ा, निवासी बिजुड़ा शीशोद, थाना बिछीवाड़ा, जिला डूंगरपुर को गुजरात के हिम्मतनगर से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी ऋषभदेव हेमन्त अहारी, सहायक उप निरीक्षक जोरावरसिंह, सहायक उप निरीक्षक महावीरसिंह, कांस्टेबल अर्जुन सिंह राठौड़, कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल दिनेश पटेल शामिल रहे।

गिरफ्तार आरोपी भूपेन्द्र उर्फ पप्पू को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस वारदात में शामिल अन्य फरार सह-आरोपियों की तलाश और मामले में आगे का अनुसंधान लगातार जारी है, जिससे जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना है।

Updated On
Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story