उदयपुर: कानोड़ पुलिस ने मंदिर में चोरी करने वाले 2 बदमाशों को पकड़ा
भैरूजी मंदिर में चोरी के आरोपी चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार, मुख्य आरोपी देवीलाल मीणा पहचान छिपाकर 5 साल से अहमदाबाद में रह रहा था।

उदयपुर जिले की कानोड़ थाना पुलिस ने भैरूजी बावजी मंदिर में चोरी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अहमदाबाद में पहचान छुपाकर रहा एक आरोपी, 5 साल से फरार था, जबकि बदमाशों से दानपात्र सहित नगद राशि और बाइक बरामद की गई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण
थानाधिकारी हुकम सिंह राठौड़ ने बताया कि उदपुरा गांव में भैरूजी मंदिर में चोरी करने के मामले में आरोपी देवीलाल पुत्र भैरूलाल मीणा निवासी भावपुरा कानोड़ और भीमराज पुत्र रामलाल मीणा निवासी बोर का पानी लसाड़िया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दानपात्र में 19900 रुपए बरामद किए हैं, जबकि उसमें कुल 50 हजार रुपए थे। घटना के बाद पुलिस की 3 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने जंगलों में कैम्प लगाकर और साइबर सेल के माध्यम से जानकारी जुटाई। इसके बाद दोनों आरोपियों को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया गया। मामले में पूछताछ करते हुए आगे जांच जारी है।
पांच साल से फरार था मुख्य आरोपी
आरोपी देवीलाल मीणा के खिलाफ उदयपुर रेंज में अलग-अलग जिलों के थानों में 5 स्थायी वारंट जारी हैं। यह बीते 5 साल से अपनी पहचान छिपाकर अहमदाबाद में रहकर फरारी काट रहा था। आरोपी लोकेशन से गिरफ्तार होने की आशंका पर चोरी की वारदात के दौरान मोबाइल साथ नहीं रखता था। दूसरे आरोपी भीमराज पर दो मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
