उदयपुर की अंबामाता थाना पुलिस ने जाम में फंसी एक कार के पीछे भारी पत्थर मारकर कार का कांच फोड़ने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुभाष लोहरा पुत्र मोहनलाल लोहरा, निवासी अंबामाता स्कीम के रूप में हुई है, जो पेशे से एक सफाई कर्मचारी है और घटना के वक्त नशे में धुत था।

विवाद और पत्थरबाजी की घटना

जानकारी के अनुसार, यह घटना जाड़ा गणेशजी चौक स्थित होटल दुर्ग विला के बाहर बुधवार रात 10:30 बजे घटित हुई। होटल मंदिरम पैलेस के मालिक आशीष रामस्नेही की कार वहां लगे जाम में फंसी हुई थी। इसी दौरान आरोपी सुभाष लोहरा अपना स्कूटर लेकर वहां आया और उसे पास में खड़ा कर दिया। आरोपी ने कार का गेट खोला और कार चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे तुरंत कार हटाने को बोला।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पीड़ित आशीष रामस्नेही ने बताया कि "उसने कार हटाने का प्रयास किया, तभी आरोपी ने कार के पीछे वाले कांच पर एक बड़ा पत्थर फेंक दिया, जिससे पीछे का कांच फूट गया।" यह पूरी घटना पास ही स्थित होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आशीष ने यह भी आरोप लगाया कि "उसी समय पास ही में पुलिस की एक महिला और एक पुरुष जवान तैनात था, लेकिन उन्होंने आरोपी पर कोई कार्यवाही नहीं की और उसे जाने दिया।"

पुलिसिया कार्यवाही और गिरफ्तारी

घटना के संबंध में पीड़ित की ओर से शिकायत देने पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी सुभाष लोहरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी साफ- सफाई का काम करता है और वारदात के दौरान वह अत्यधिक नशे की हालत में था। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story