उदयपुर: पिछोला झील में मिला युवक का शव, शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया
रविवार को पिछोला झील की पुलिया के पास करीब 4-5 दिन पुराना शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, अंबामाता थाना पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयासों में जुटी है।

उदयपुर की पिछोला झील से रविवार को सिविल डिफेंस की टीम द्वारा निकाला गया युवक का शव, जिसे पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए एमबी अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है।
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर की प्रसिद्ध पिछोला झील उस समय सनसनी फैल गई जब रविवार को पानी की सतह पर एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ पाया गया। पुलिया से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब झील में उतराते हुए शव पर पड़ी, तो तत्काल इसकी सूचना अंबामाता थाना पुलिस को दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाया।
सिविल डिफेंस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को झील से बाहर निकाला, जिसे देखने के लिए घटनास्थल के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। सिविल डिफेंस टीम के सदस्य कैलाश मेनारिया ने जानकारी दी कि शव की स्थिति को देखकर प्रतीत होता है कि यह करीब 4 से 5 दिन पुराना है।
मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है, हालांकि हुलिए के आधार पर युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है और उसने भूरे (ब्राउन) रंग की पेंट पहनी हुई है। अंबामाता थाना पुलिस अब मृतक की शिनाख्त के प्रयासों में जुट गई है ताकि मौत के कारणों और युवक की पृष्ठभूमि का पता लगाया जा सके। झील के शांत पानी में इस तरह शव मिलने से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।

