उदयपुर। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्र प्रभारी एवं स्वामी रामदेव जी के शिष्य पूज्य स्वामी परमार्थ देव जी महाराज के पावन सान्निध्य में देबारी स्थित श्री जीजे टाया जैन चैरिटेबल ट्रस्ट आयुर नेचुरो हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर परिसर में एक दिवसीय विशाल योग शिविर, हवन एवं यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक समागम में उमड़े योग साधकों और जनमानस के उत्साह से संपूर्ण पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। इस अवसर पर स्वामी परमार्थ देव जी ने "हर घर योग, हर जन योग" का संकल्प दोहराते हुए कहा कि उदयपुर का नाम अब केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत में योग के क्षेत्र में एक मिसाल बनने की ओर अग्रसर है।

कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी करणाराम, पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी समुद्र सिंह राठौड़, किसान सेवा समिति के राज्य प्रभारी हुकमा राम, युवा भारत के राज्य प्रभारी नरेंद्र, आस्था सोशल मीडिया के राज्य प्रभारी दिलीप तिवारी, मदन मोहन, कमलेश आस्था एवं भगवान परिहार सहित भीलवाड़ा, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर व राजसमंद जैसे विभिन्न जिलों के साधक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान आयोजित विशेष बैठक में सर्वसम्मति से नारायण सिंह चावड़ा को पतंजलि योग समिति उदयपुर का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही, मुकेश पाठक को राज्य कार्यकारी सदस्य बनाते हुए सलूम्बर एवं डूंगरपुर जिले का दायित्व सौंपा गया, जबकि हरीश चौधरी को जिला कोषाध्यक्ष और नरेश पालीवाल को संवाद प्रभारी के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई।





स्वामी परमार्थ देव जी ने मुख्य योग शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त साधकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए और आह्वान किया कि तहसील, गाँव और ढाणी-ढाणी तक योग का विस्तार कर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें। आयोजन को सफल बनाने में भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी मोहन सिंह शक्तावत, गुलाब सिंह राव, हीरालाल सुथार, नेत्रपाल सिंह, नारायण सिंह चावड़ा, श्याम सुंदर शर्मा, सुमेर सिंह, अशोक कछावा, मुकेश पाठक, गणपतलाल सुथार, गणेश पालीवाल, गणेश डांगी एवं पवन जैन समेत अनेक स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही। सोशल मीडिया प्रभारी नरेश पूर्बिया ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी जी ने "आओ योग करें" अभियान की विशेष प्रशंसा की और कहा कि उदयपुर का यह प्रयास संपूर्ण देश में एक विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। राज्य एवं केंद्र के प्रभारियों ने इस आयोजन को योग जागरण की दिशा में मील का पत्थर करार दिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story