उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले के पानरवा थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक घर में घुसकर युवक पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस वारदात में संलिप्त और लंबे समय से फरार चल रहे तीन और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में पूर्व में भी चार गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।

घटनाक्रम के अनुसार, डैया पानरवा निवासी अर्जुनलाल पुत्र नानालाल मनात ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल की रात करीब 9 बजे जब वह अपने घर पर खाना बना रहा था, तभी हथियारों से लैस हमलावरों के एक बड़े समूह ने उन पर धावा बोल दिया। आरोपियों में रोहित पुत्र हकरा खराडी, गुला पुत्र हकरा, अलपेश पुत्र हकरा, रामा खराडी, अनिल पुत्र रामा खराडी, धुलेश्वर पुत्र चंदू खराडी, धर्मचन्द्र पुत्र हलु डामोर, वनराज पुत्र धनचंद, विजय कुमार (कालवन), सतीश पुत्र दिनेश डामोर, कमलेश पुत्र धनजी डामोर, विजय पुत्र लाला डामोर, सुनील पुत्र रामा खराडी, सुभाष पुत्र रामा खराडी, अमृत लाल पुत्र सोमा खराडी, रायु पुत्र सोमा खराडी और प्रवीण पुत्र चंदू खराडी शामिल थे।

शिकायत के मुताबिक, हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए अर्जुनलाल के सिर पर कुल्हाड़ी से जोरदार प्रहार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए अल्पेश पुत्र नानालाल, अजीत पुत्र नानालाल और अर्जुनलाल की पत्नी सूरज देवी पर भी आरोपियों ने तलवारों और लाठियों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान राहुल पुत्र कांतिलाल परमार और अनीता ने मौके पर पहुंचकर घायलों की जान बचाई। जाते-जाते हमलावरों ने वहां खड़ी एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब इस मामले में फरार चल रहे राजेश कुमार पुत्र सोमा खराड़ी (निवासी बहिघाटिया पानरवा), अनिल कुमार पुत्र रामलाल खराड़ी (निवासी बहिघाटिया पानरवा) और विजय भाई पुत्र दिलीप भाई बोड़ात (निवासी कालवण विजयनगर, साबरकांठा, गुजरात) को दबोच लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा की गई इस प्रभावी कार्रवाई ने अपराधियों में भय पैदा किया है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति जनता के विश्वास को सुदृढ़ किया है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story