उदयपुर के पानरवा में अंगीठी के धुएं से बुजुर्ग भेरूलाल की दम घुटने से मौत
कमरे में अंगीठी जलाकर सो रहे बुजुर्ग की खाट में आग लगने और धुएं से दम घुटने के कारण मृत्यु हो गई, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।

उदयपुर जिले के पानरवा में घर में सो रहे एक बुजुर्ग ने सोने से पहले अंगीठी जलाई थी, जिससे धुएं की घुटन से इसकी मौत हो गई। इस दौरान खाट ने भी आग पकड़ ली, जिससे वह झुलस भी गया।
शराब का नशा और पारिवारिक विवाद
थानाधिकारी भागीरथ बुंदेला ने बताया कि भेरूलाल वाल्मीकि (65) शराब के नशे में ही रहता था। भैरूलाल बुधवार को दिनभर शराब के नशे में धुत था। शाम को घर पहुंचने पर उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि भेरूलाल ने गुस्से में आकर कमरे की कुंडी अंदर से लगा ली और अकेला ही खाट पर सोने चला गया।
अंगीठी की चिंगारी से भड़की आग
रात के वक्त कड़ाके की ठंड से बचने के लिए उसने अपनी खाट के बिल्कुल पास ही सुलगती हुई अंगीठी रख ली थी। देर रात जब भेरूलाल गहरी नींद में था, तब चिंगारी की वजह से उसकी खाट ने आग पकड़ ली। कमरा अंदर से पूरी तरह बंद था, इसलिए आग से निकले घने धुएं ने पूरे कमरे को भर दिया। नशे में होने के कारण भैरूलाल उठ नहीं पाया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
खिड़की तोड़कर निकाला गया शव
सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और कमरे से जलने की गंध आई तो परिजनों और पड़ोसियों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पानरवा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां भैरूलाल का शव खाट पर झुलसी हुई हालत में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
