उदयपुर जिले के नयागांव पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत पहाड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में प्रशासनिक तत्परता और जनसेवा का व्यापक दृश्य देखने को मिला। प्रदेश सरकार की ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की पहल के तहत लगाए गए इस शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति ने सैकड़ों ग्रामीणों को राहत प्रदान की।

शिविर का आयोजन उदयपुर जिला के नयागांव पंचायत समिति क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पहाड़ा में किया गया, जहां विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया। इस दौरान राजस्व विभाग द्वारा जमाबंदी में नाम सुधार, नामांतरण, खेतों के रास्तों से जुड़े विवाद और सीमा ज्ञान संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्तों का वितरण, पट्टों का आवंटन और जॉब कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने राशन कार्ड में ई-केवाईसी कर पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा। वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच, टीबी स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की जांच एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।

पशुपालन विभाग ने पशुओं के उपचार, टीकाकरण और पशु बीमा योजनाओं के आवेदन मौके पर ही स्वीकार किए, जबकि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया।

शिविर के दौरान उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता, तहसीलदार हिम्मत राम पटेल, विकास अधिकारी चंदू लाल मीणा, पीओ सुशीला भील, वीडीओ जीवतराम मीणा, प्रशासक बिंदु गरासिया, शिविर प्रभारी ममता मीणा एवं समन्वयक लक्ष्मी जोशी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लाभार्थियों से संवाद किया। अधिकारियों ने राजीविका समूह की महिलाओं को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इसके अलावा पहाड़ा थाना अधिकारी उम्मीद लाल मीणा, आरआई कमल किशोर, पटवारी दयाराम भील एवं दयाराम मीणा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। शिविर में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान मौके पर ही प्राप्त किया। यह आयोजन ग्रामीण प्रशासन को अधिक सशक्त बनाने और योजनाओं के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story