उदयपुर: पेसिफिक हॉस्पिटल में बीमार बालक पन्नाराम के स्वास्थ्य का जायजा लिया
बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष यशोदा पणिया ने पेसिफिक हॉस्पिटल पहुंचकर गंभीर बीमारियों से ग्रसित बालक के निःशुल्क उपचार और चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

पेसिफिक हॉस्पिटल, बेदला में बालक पन्नाराम गरासिया के स्वास्थ्य की जानकारी लेतीं बाल कल्याण समिति, उदयपुर की अध्यक्ष यशोदा पणिया (बाएं से दूसरी) और साथ में उपस्थित समिति सदस्य एवं चिकित्सक।
गंभीर बीमारियों से पीड़ित बालक पन्नाराम गरासिया के स्वास्थ्य और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला बाल कल्याण समिति, उदयपुर की अध्यक्ष यशोदा जी पणिया के नेतृत्व में समिति सदस्यों ने पेसिफिक हॉस्पिटल, बेदला पहुंचकर निरीक्षण किया। समिधा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. चन्द्रगुप्त सिंह चौहान ने बताया कि बालक समिधा संस्थान द्वारा संचालित समिधा निराश्रित बालगृह, मावली में आवासित है और पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती होकर उपचाररत है।
निरीक्षण के दौरान समिति सदस्य संगीता जी राव, अंजना जी जोशी तथा किशोर गृह अधीक्षक पंकज जी प्रचार उपस्थित रहे। समिति ने उपचाररत चिकित्सकों से बालक की स्वास्थ्य स्थिति, उपचार प्रक्रिया और आगामी चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। चिकित्सकों ने बताया कि विशेषज्ञों की सतत निगरानी में उपचार जारी है तथा वर्तमान में बालक की स्थिति में सुधार परिलक्षित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बालक पन्नाराम garासिया कैंसर, एसाइटिस, हेपेटोमेगाली और गंभीर एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित है। प्रारंभिक उपचार महाराणा भूपाल बाल चिकित्सालय, उदयपुर में कराया गया था, जहां से उसे आगे की जांच और उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल, जयपुर रेफर किया गया। इसके बाद बाल कल्याण समिति अध्यक्ष यशोदा जी पणिया के विशेष प्रयासों से बालक को पेसिफिक हॉस्पिटल, बेदला में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका निःशुल्क उपचार किया जा रहा है।
पेसिफिक हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राहुल अग्रवाल ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बालक के संपूर्ण उपचार और मेडिकल व्यवस्थाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराया है। अस्पताल प्रशासन द्वारा उपचार के लिए आवश्यक सभी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
समिति सदस्यों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों से चर्चा कर बालक को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा उसके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान संस्थान के बालगृह अधीक्षक सखाराम मेघवाल, वालंटियर दिलीप कुमार दमामी सहित अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे। गंभीर परिस्थितियों में बालक को मिल रही संस्थागत सहायता और निःशुल्क उपचार व्यवस्था ने मानवीय संवेदनशीलता और बाल संरक्षण तंत्र की सक्रियता को उजागर किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
