उदयपुर जिले के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र के कानपुर गांव में मंगलवार देर शाम को रोड पर साइड नहीं देने के विवाद में हुई चाकूबाजी की घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर जांच शुरू कर दी है।

ओवरटेक को लेकर कहासुनी और विवाद की शुरुआत

पुलिस के अनुसार कैलाश पुत्र नवला भील निवासी ढीकवास खैरवाड़ा ने मामला दर्ज करवाया कि "2 मार्च शाम उसके लड़के राकेश व राहुल तथा उनके दोस्त उमेश सिंह उर्फ कालू, सतीश, अनिल सभी अपनी-अपनी बाइक पर फलासिया से अपने गाँव ढीकवास आ रहे थे।" रास्ते में नाल फला डिकवास में जगदीश पुत्र लक्ष्मणसिंह, जितेन्द्र सिंह पुत्र मोहनसिंह, ईश्वर पुत्र दलपतसिंह, अजेन्द्र पुत्र वीरपाल सिंह, पप्पुसिंह पुत्र लक्ष्मणसिंह, महेन्द्र पुत्र तुफान सिंह चौहान निवासी निचला तालाब फलासिया भी अपनी बाइकों से अपने गाँव आ रहे थे। आते समय नाल फला ढिकवास में बाइक ओवरटेक की बात को लेकर कहासुनी होने पर गाली गलौज करते हुए मारने की धमकी देते हुए आगे निकल गये।

आरोपियों द्वारा पीछा और जानलेवा हमला

बाद में उसके बच्चे घर पर अपना बैग छोड़कर कानपुर ढोल की खाल लेने गए। ये लोग कानपुर पुन: मिल गए। इन लोगों ने इन बच्चों व दोस्तों को देखकर पीछे पड़ गए। इन सभी ने भागने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पीछा कर राकेश व उमेश सिंह उर्फ कालू पर चाकूओं से हमला कर दिया, जिससे राकेश की मौके पर ही मौत हो गई व उमेश सिंह उर्फ कालू घायल हो गया। इस दौरान मौके पर अन्य लोगों के आने पर आरोपी फरार हो गए।

पुलिस कार्रवाई और अस्पताल में उपचार

चाकू से घायल उमेश सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story