ओबीसी जनगणना के त्रुटिपूर्ण आंकड़ों के विरोध में उदयपुर में महापंचायत की बैठक
सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट ने ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया में प्रगणकों द्वारा घर-घर सर्वे न करने और त्रुटिपूर्ण रिपोर्ट आयोग को भेजने पर तीव्र आंदोलन की चेतावनी दी।

उदयपुर की माली कॉलोनी में सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट की बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारी और समाजजन, जहां जनगणना के आंकड़ों में विसंगतियों के विरुद्ध रणनीति बनाई गई।
उदयपुर। सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट की बैठक लोकेश चौधरी की अध्यक्षता में माली कॉलोनी में रखी गई। संस्थापक दिनेश माली ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने पंचायत राज संस्थाओं एवं नगर निगम निकायों के चुनाव में ओबीसी को आरक्षण प्रदान कराने के लिए ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया अनिवार्य की गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत राज्य सरकार को ओबीसी वर्ग की वास्तविक सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति का वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक अध्ययन करना आवश्यक है, जिसके आधार पर ही आयोग द्वारा आरक्षण के सम्बन्ध में उचित अनुशंसा की जाएगी।
सर्वे प्रक्रिया में लापरवाही और त्रुटिपूर्ण आंकड़ों पर रोष
अध्यक्ष लोकेश चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रगणक द्वारा घर-घर जाकर 19 बिंदुओं की जानकारी प्राप्त कर आयोग को उपलब्ध करानी थी। कई स्थानों से जानकारी मिली है कि संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने घर-घर न जाकर औपचारिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। जो त्रुटिपूर्ण जानकारी दी जा रही है, जिससे आयोग को वास्तविक जानकारी न मिलने से ओबीसी को समुचित आरक्षण नहीं मिल पाएगा। इसी संदर्भ में सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जिलाधीश के माध्यम से अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव राजस्थान सरकार को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया था।
प्रशासनिक उदासीनता के विरुद्ध आंदोलन की चेतावनी
एडवोकेट रतन लाल गुर्जर ने बताया कि ज्ञापन के बाद भी घर-घर सर्वे नहीं कराया जा रहा है जिससे ओबीसी समाज में भारी रोष है। "प्रथम चरण में शहर के सभी जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया जाएगा, फिर भी मांग नहीं मानी जाती है तो ओबीसी समाज चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगा।" बैठक में संस्थापक दिनेश माली, अध्यक्ष लोकेश चौधरी, कोषाध्यक्ष बाल कृष्ण सुहालका, सचिव किसन लाल राव, राजेन्द्र सेन, रतन लाल गुर्जर, रमाकांत अजारिया, पन्ना लाल गुर्जर, पी एस पटेल, प्रदेश महिला अध्यक्ष मणी बेन पटेल, प्रदेश युवा अध्यक्ष दिवाकर माली, भेरु लाल कलाल एवं गंगा देवी माली सहित कई लोग उपस्थित थे। सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि वास्तविक डेटा संकलन नहीं हुआ तो समाज तीव्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
