एडवोकेट रतनलाल गुर्जर की अध्यक्षता में जातिगत जनगणना और आरक्षण सुधारों पर चर्चा हुई, जिसमें 27 प्रतिशत आरक्षण और छात्रावास निर्माण की मांग उठाई गई।

उदयपुर में सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट (रजि.) द्वारा ओबीसी समाज के अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का जागरूकता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। 100 फीट रोड माली कॉलोनी स्थित होटल दी फॉर्चून में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट रतनलाल गुर्जर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित अतिथियों ने महात्मा ज्योतिबा फुले द्वारा 200 वर्ष पूर्व शुरू किए गए समाज सुधार अभियानों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

एडवोकेट रतनलाल गुर्जर ने कहा कि ओबीसी की जातिगत जनगणना समाज के विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने समाज के अध्यक्षों से अपने-अपने समाजों में बैठकें आयोजित कर जागरूकता अभियान चलाने और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ ओबीसी समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान गजट नोटिफिकेशन में दर्ज मूल जाति ही लिखवाई जाए, उपजाति या गोत्र नहीं। साथ ही ओबीसी समाज को जिन सुविधाओं से वंचित रखा गया है, उनके लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।

ट्रस्ट अध्यक्ष लोकेश चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में जागृति लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। संस्थापक दिनेश माली ने कहा कि ओबीसी समाज आज भी शिक्षा और आर्थिक क्षेत्र में पूरी तरह सक्षम नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार से संभाग स्तर पर छात्रावास निर्माण, एसटी-एससी के समान छात्रवृत्ति, टीएसपी क्षेत्र में मंडल आयोग के अनुसार 27 प्रतिशत आरक्षण और नगर निगम तथा पंचायती राज चुनावों में ओबीसी आरक्षण लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ओबीसी प्रमाण पत्र एक बार बनने के बाद दोबारा बनवाने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए, क्योंकि प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन में हर वर्ष प्रमाण पत्र बनवाना आर्थिक और समय दोनों दृष्टि से कठिन प्रक्रिया है। उन्होंने क्रीमी लेयर प्रावधान समाप्त करने और महिला आरक्षण में 33 प्रतिशत ओबीसी महिलाओं को आरक्षण देने की मांग भी उठाई।

मोटिवेशनल स्पीकर नवनीत नागर ने कहा कि ओबीसी जागरूकता अभियान में सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि लाखों लोगों तक जानकारी पहुंच सके। उन्होंने घोषणा की कि 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले ओबीसी विद्यार्थियों को चिंतामणि कोचिंग द्वारा निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।

मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. दिनेश बंसल ने कहा कि जानकारी के अभाव में कई बार लोग अपने हितों का भी विरोध करने लगते हैं, इसलिए समाज में जागरूकता और जानकारी आवश्यक है। उन्होंने ओबीसी की जातिगत जनगणना को आवश्यक बताया। जगदीश पूर्बिया ने कहा कि ओबीसी सूची में पूर्बिया कलाल नाम नहीं होने के कारण प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने महापंचायत से नाम जुड़वाने के प्रयास करने की मांग की।

भेरूलाल कलाल ने सरकार द्वारा करवाई जा रही मकान गणना की विस्तृत जानकारी दी। प्रवक्ता नरेश पूर्बिया ने बताया कि समाज में जागरूकता फैलाने के लिए 12 हजार पेम्पलेट वितरित किए गए हैं और युवाओं को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जगदीश पूर्बिया और चुन्नीलाल पूर्बिया ने ओबीसी महापंचायत की सदस्यता ग्रहण की। उपस्थित लोगों ने महापंचायत द्वारा उठाए गए कदमों को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में भेरूलाल भोई द्वारा भोजन की बर्बादी रोकने के लिए चलाई जा रही मुहिम “थाली में भोजन जितना ही लेवें, नहीं जावे नाली में” की सराहना की गई। बताया गया कि जागरूकता के अभाव में लोग लगभग 40 प्रतिशत भोजन व्यर्थ कर देते हैं। नरेश पूर्बिया ने कहा कि भोजन बर्बादी रोकने के लिए समाज जागरूकता अभियान चलाएगा। भोजन के बाद थाली रखने वाले स्थानों और भोजन काउंटरों पर बैनर लगाए जाएंगे तथा महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि लोग थाली में भोजन झूठा न छोड़ें।

कार्यक्रम में महासचिव सुर्य प्रकाश सुहालका, सचिव किसन राव, भेरूलाल भोई, बालकृष्ण सुहालका, महिला प्रदेशाध्यक्ष मणी बेन पटेल, शर्मिला माली, पूजा टेलर, अर्चना भाटी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story