शहर के निम्बाहेड़ा मार्ग स्थित न्यायालय परिसर सोमवार को मानवीय संवेदनाओं और सेवा की भावना से सराबोर रहा, जब ज़िला अभिभाषक संस्थान के तत्वावधान में एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों के लिए नेत्र परीक्षण, रक्तचाप और शर्करा जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

संस्थान अध्यक्ष एस. पी. सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में टॉरस हेल्थ और डॉ. बी. लाल लैब की टीम ने अधिवक्ताओं का नि:शुल्क रक्तचाप व शर्करा परीक्षण किया। वहीं, गोमाबाई नेत्रालय नीमच के विशेषज्ञों द्वारा नेत्र परीक्षण किया गया। जरूरतमंद प्रतिभागियों को औषधि के साथ निकट दृष्टि के चश्मे भी नि:शुल्क प्रदान किए गए, जिससे कार्यक्रम का सामाजिक महत्व और बढ़ गया।

शिविर की सुचारु व्यवस्था में संयोजक प्रवीण टांक, सहसंयोजक अक्षत पोखरना व भूपेंद्र दाधीच सहित संस्थान की कार्यकारिणी का सक्रिय योगदान रहा। दिनभर चले इस शिविर में लगभग 350 न्यायिक कर्मचारी और अधिवक्ता लाभान्वित हुए, जिन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना की।

इस अवसर पर श्याम शर्मा, प्रदीप काबरा, शैलेंद्र सिंह राव, सावन श्रीमाली, नरेंद्र पोखरणा, कमल प्रजापत, गिरीश दीक्षित, धर्मेंद्र जैन, राधेश्याम खटीक, मनोज शर्मा और लोकेंद्र सिंह राणावत सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान पदाधिकारियों ने चिकित्सा दलों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन अधिवक्ताओं व न्यायिक समुदाय के स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story