उदयपुर। डबोक थाना पुलिस ने नउवा ग्राम पंचायत के सरपंच पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को ठाणे, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरारी काट रहा था, जिसे पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, नउवा ग्राम पंचायत के सरपंच चमनलाल पुत्र विरमा गमेती निवासी रायजी का गुड़ा, नउवा ने रिपोर्ट दी थी कि 9 अक्टूबर की सुबह जब वह अपने सहयोगी लक्ष्मण सिंह पुत्र किशन सिंह के साथ पंचायत भवन जा रहा था, तभी रास्ते में वेणीराम पुरोहित के घर के पास कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। हमलावरों में मुख्य आरोपी महेश पुत्र प्रकाश पुरोहित, निवासी अनोपपुरा, तथा उसके दो साथी शामिल थे। उन्होंने सरपंच चमनलाल से अभद्र व्यवहार करते हुए धमकाया कि वह गांव का सरपंच कैसे बन गया और उसे जान से मारने की धमकी दी।

जब सरपंच और उसके साथी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान भरत पुत्र सोहनलाल गमेती मौके पर पहुंच गया और राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह सरपंच की जान बचाई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुख्य आरोपी महेश पुरोहित की तलाश में टीमें गठित कीं। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे ठाणे, महाराष्ट्र के गरीब बाछावाड़ा, विष्णुनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिसमें उसके साथियों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।

इस गिरफ्तारी से नउवा पंचायत क्षेत्र में फैली दहशत के माहौल में राहत आई है। पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, ताकि पूरे प्रकरण का पर्दाफाश किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story