उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक बाइक पर सवार होकर मादड़ी क्षेत्र से अपने रिको एरिया स्थित कमरे की ओर लौट रहे थे। मादड़ी पुल पर सामने से आ रही कार ने अचानक उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जयकिशन (22) पुत्र अमरा मीणा निवासी अम्बाला सराड़ा के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त गोविंद (21) पुत्र लक्ष्मण मीणा के साथ किसी कार्य से मादड़ी गया हुआ था। लौटते वक्त एकलिंगपुरा की दिशा से गलत साइड से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से दोनों को 108 एम्बुलेंस के जरिए एमबी चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जयकिशन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गोविंद की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। मृतक के भाई विजय मीणा की रिपोर्ट पर हेडकांस्टेबल उम्मेदराम ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सुपुर्द कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। जयकिशन की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अब वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story