Udaipur News सूरजपोल से प्रतापनगर तक नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, सड़क किनारे का अतिक्रमण ध्वस्त
उदयपुर नगर निगम ने सोमवार को सूरजपोल चौराहा से प्रतापनगर तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सड़क किनारे बने टीन शेड, ठेले और अवैध केबिन ध्वस्त किए गए। आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया कि शहर में जहां भी अतिक्रमण है, उसे निगम सख्ती से हटाएगा।

उदयपुर। शहर में यातायात सुगमता और सड़क चौड़ीकरण की दिशा में नगर निगम उदयपुर ने सोमवार को सख्त रुख अपनाते हुए सूरजपोल चौराहा से प्रतापनगर तक फैले अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाया। निगम की इस व्यापक कार्रवाई के तहत सड़क के दोनों ओर बने अवैध निर्माण, टीन शेड, केबिन और ठेले पूरी तरह हटा दिए गए।
आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि सूरजपोल चौराहा से लेकर प्रतापनगर और पुराने आरटीओ ऑफिस मार्ग तक फैले अतिक्रमण को हटाने की यह कार्रवाई पहले से तय योजना के तहत की गई। निगम ने पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन किसी ने पालन नहीं किया। इसके बाद सोमवार को निगम के दस्ते ने पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी के नेतृत्व में पुलिस बल के सहयोग से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे रखे गए केबिन, ठेले, और टीन शेड तोड़े गए। कई स्थानों पर लोगों ने पक्के निर्माण कर मार्ग को संकुचित कर दिया था, जिन्हें ध्वस्त कर रास्ता पूरी तरह खोल दिया गया। कार्रवाई के बाद मार्ग पहले से कहीं अधिक खुला और व्यवस्थित दिखाई दे रहा है।
आयुक्त खन्ना ने स्पष्ट कहा कि शहर में अतिक्रमण को लेकर अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां-जहां सड़क किनारे अवैध कब्जे हैं, उन्हें नगर निगम स्तर पर हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित और सुगम यातायात व्यवस्था देने के लिए निगम की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
यह अभियान न केवल अव्यवस्थित यातायात को सुधारने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होंगे।
- Udaipur Newsउदयपुर नगर निगमसूरजपोल चौराहाप्रतापनगरअतिक्रमण हटाने की कार्रवाईअभिषेक खन्नामांगीलाल डांगीउदयपुर सड़क चौड़ीकरणनगर निगम उदयपुर अभियानअवैध निर्माण ध्वस्तउदयपुर ट्रैफिक सुधारUdaipur Municipal CorporationSurajpole CirclePratapnagarencroachment removalUdaipur city actionAbhishek Khanna Udaipurroad widening drive Udaipur

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
