उदयपुर। जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में स्थित एक फार्महाउस पर फिर से चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में फार्महाउस से निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री और औजार पार कर लिए। यह दूसरी बार है जब इसी स्थान पर चोरी की घटना हुई है।

पुलिस के अनुसार, सौरभ पुत्र महेन्द्रसिंह सिंघवी, निवासी घेरूल मार्ग सुखाड़िया सर्कल, ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनका फार्महाउस कलजी का गुड़ा क्षेत्र में स्थित है, जहां मार्च माह से निर्माण कार्य चल रहा है। 7 से 8 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने मौके पर रखी निर्माण सामग्री और औजार चोरी कर लिए। चोरी का खुलासा अगले दिन हुआ, जब सौरभ फार्महाउस पर पहुंचे तो सामग्री गायब मिली।

बताया गया कि फार्महाउस पर तीन युवक रहते हैं, वहीं कुछ सामग्री खुले स्थान पर रखी हुई थी। चोर पाईप, लोहे के सरिए, फूलों के पौधे और साइट पर रखे कई आवश्यक औजार लेकर फरार हो गए। इससे पहले भी मार्च 2025 में इसी फार्महाउस से चोरी की घटना हो चुकी है, जिसकी रिपोर्ट गोगुन्दा थाने में दर्ज कराई गई थी।

सौरभ ने बताया कि हाल ही में आस-पास के एक अन्य फार्म से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की घटना भी सामने आई थी, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फार्महाउसों में बढ़ती चोरी की घटनाएं स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों की ओर इशारा कर रही हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस इन लगातार हो रही वारदातों की कड़ी सुलझा पाती है या नहीं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story