उदयपुर: विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
प्रतापनगर में 13 माह पहले हुई थी शादी, पीहर पक्ष ने जेवर गायब होने और अन्य महिला से संबंधों के चलते प्रताड़ना का लगाया आरोप, एसडीएम करेंगे जांच।

उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में तेरह माह पूर्व विवाह बंधन में बंधी एक नवविवाहिता की पति से अनबन के चलते संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। शुक्रवार को मुर्दाघर के बाहर दोनों पक्ष मौत के कारणों को लेकर आपस में छींटाकशी कर रहे थे, लेकिन बाद में मोतबीरों ने समझाइश की कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाए।
घटना का विवरण और आरोप
जानकारी के अनुसार भावना कुंवर (19) पुत्री केसर सिंह राठौड़ निवासी मंदेरिया डबोक का विवाह तेरह माह पूर्व बेडवास तलाई प्रतापनगर निवासी हेमेन्द्र सिंह पुत्र अर्जुन सिंह देवड़ा के साथ हुआ था। पिता ने प्रतापनगर थानाधिकारी को दी रिपोर्ट में बताया कि "शादी के बाद से ही पति और उसकी बेटी के बीच में विवाद चल रहा था और आए दिन उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिसके कारण तीन चार बार तो वह उसे अपने घर लेकर आ गये।" चाचा भवानी सिंह ने आरोप लगाया कि "हेमेन्द्र सिंह के अन्य से भी बातचीत होती थी, जिसका भावना विरोध करती तो हेमेन्द्र उसको प्रताड़ित कर उसके साथ मारपीट करता था।"
संदिग्ध मौत और कानूनी कार्यवाही
गुरूवार शाम को पड़ोसी सज्जन सिंह ने फोन कर बताया कि आपकी पुत्री की तबीयत खराब हो गई है और उसे शहर के निजी हॉस्पीटल ले गए। जब वे वहां गए तो पुत्री का शरीर पूरी तरह अकड़ गया था और उसके शरीर पर एक भी गहना नहीं था। प्रतापनगर थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित ने मामला संदेहास्पद मानते हुए एएसआई सुनिल विश्नोई के नेतृत्व में पंचनामे की कार्यवाही की और जांच उपखण्ड अधिकारी गिर्वा साईंकृष्णा द्वारा शुरू की गई और शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। जांच में सामने आया कि प्रथम दृष्टया नवविवाहिता ने कोई वस्तु खाई है जिससे उसकी मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्यवाही कर शव पीहर पक्ष को सौंप दिया गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
