गोभक्तों की शिकायत पर नंदीशाला पहुंचा प्रशासन, निरीक्षण में खुलीं गंभीर अव्यवस्थाएं, सुधार के दिए निर्देश
उदयपुर के चौकड़िया ग्राम स्थित नगर निगम की नंदीशाला में गोभक्तों की शिकायत पर प्रशासन पहुंचा। निरीक्षण में कई अव्यवस्थाएं सामने आने के बाद सुधार के निर्देश दिए गए।

तस्वीर में दिख रहे उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा चौकड़िया नंदीशाला में प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए।
उदयपुर नगर निगम द्वारा संचालित चौकड़िया ग्राम स्थित नंदीशाला में अव्यवस्थाओं की सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया। गोभक्त रोहित चौबीसा, रविंद्र नागदा और विनोद नागदा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां नंदीशाला की व्यवस्थाओं में कई गंभीर कमियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान नंदीशाला परिसर के पीछे मृत नंदियों को खुले स्थान पर पाया गया। इसके अलावा सफाई व्यवस्था खराब मिली, परिसर में दुर्गंध फैली हुई थी, रजिस्टर में आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज नहीं थीं तथा सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए। निरीक्षण में सामने आई इन अव्यवस्थाओं को गोभक्तों ने गंभीर बताते हुए इसकी जानकारी तत्काल नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना को दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने अपना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर नंदीशाला का निरीक्षण किया। उनके साथ भाजपा नांदेश्वर मंडल अध्यक्ष सुनील चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष बद्रीलाल चौधरी, सरपंच धर्मेंद्र, नगर निगम उपायुक्त नरेश सोनी सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान संबंधित ठेकेदार को नंदीशाला में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, रजिस्टर का विधिवत संधारण करने तथा बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गौवंश की देखभाल एवं अन्य व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाएगा और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
अंत में गोभक्तों ने नंदीशाला की समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा तथा नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गौसेवा एवं गौसंरक्षण के प्रति प्रशासन की तत्परता समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
