उदयपुर (नगर संवाददाता)। शहर में सार्वजनिक संपत्ति पर प्रतिबंध होने के बावजूद पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ निगम ने एक्शन लिया हैं। निगम आयुक्त के निर्देश पर शहर के दो अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज हुई है। नगर निगम के आयुक्त के निर्देश पर सूरजपोल एवं भूपालपुरा थाने में पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

सख्त कार्रवाई के निर्देश और मामला

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि उदयपुर शहर में किसी भी सार्वजनिक राजकीय संपत्ति पर बैनर एवं पोस्टर नहीं चिपकाने हेतु कई बार अपील के साथ सख्त कार्रवाई भी की गई है लेकिन निगम द्वारा की गई अपील को नजरअंदाज करते हुए फिर से सार्वजनिक एवं राजकीय संपत्ति पर पोस्टर चिपकाए गए जिससे शहर की खूबसूरती बिगड़ रही है। बुधवार को शहर के दुर्गा नर्सरी, टी आर आई तिराहा, कुम्हारों का भट्टा पुलिया के नीचे, फतह स्कूल दीवार, सूरजपोल के पास स्मार्ट कंप्यूटर्स आनंद प्लाजा द्वारा पोस्टर चिपकाये हुए थे इसको लेकर पोस्टर चस्पा करने वाले के खिलाफ शहर के दो थानों में एफआईआर दर्ज करवाई गई। नगर निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी ने बताया कि नगर निगम से बिना अनुमति के पोस्टर चिपकाकर सरकारी सम्पति को विरूपित किया गया। स्मार्ट कंप्यूटर्स के विरूद्ध कार्यवाही हेतु प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। निरीक्षक डांगी ने बताया कि, "नगर निगम से बिना अनुमति के पोस्टर चिपकाकर सरकारी सम्पति को विरूपित किया गया। "

नई दीवार की खूबसूरती बिगाड़ने का आरोप

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि टी आर आई तिराहे पर नगर निगम द्वारा हाल ही में दीवार बना उस पर चित्रकारी की गई थी। जिस पर स्मार्ट कंप्यूटर द्वारा पोस्टर चिपका कर पूरी दीवार को गंदा कर दिया गया। आयुक्त ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की स्पष्ट निर्देश दिए हैं। शहर की सुंदरता को बिगड़ने में जो भी व्यक्ति या संस्था कार्य करेंगी उसके खिलाफ निगम द्वारा सख्त कार्यवाही की जाएगी। आयुक्त ने कहा, "नगर निगम द्वारा हाल ही में दीवार बना उस पर चित्रकारी की गई थी जिस पर स्मार्ट कंप्यूटर द्वारा पोस्टर चिपका कर पूरी दीवार को गंदा कर दिया गया है। "

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story