भीषण गर्मी के बीच मरीजों और उनके परिजनों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से उदयपुर इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड एसोसिएशन ने एमबी हॉस्पिटल के विभिन्न वार्डों के लिए 18 जंबो कूलर भेंट किए। गर्मी के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों को हो रही परेशानियों को देखते हुए एसोसिएशन ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए यह पहल की।

एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश शाह के नेतृत्व में शहर के इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारियों ने तत्काल सहयोग का निर्णय लिया और एक-एक कूलर उपलब्ध कराने की सहमति दी। हॉस्पिटल प्रशासन की अनुमति के बाद सभी वार्डों में कूलर लगाए जाएंगे, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

रमेश शाह ने बताया कि सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए एसोसिएशन के सदस्य लगातार आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कूलर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। एमबी हॉस्पिटल में मरीजों की स्थिति की जानकारी मिलते ही एसोसिएशन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।

इस अवसर पर एमबी हॉस्पिटल के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन एवं अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने कूलर उपलब्ध कराने वाले सभी सदस्यों का सम्मान किया। एसोसिएशन के सचिव के.के. गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ. एम.पी. जैन, डॉ. अजय जैन, एसोसिएशन के सुभाष गुप्ता, सतीश पुरोहित, जम्बू दलावत, कुलदीप जोशी, सुशील वर्मा, मगन कलाल और गिरीश मनवानी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। भीषण गर्मी के दौर में अस्पताल में मरीजों के लिए की गई यह पहल सामाजिक सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story