उदयपुर: एमबी हॉस्पिटल से चोरी बाइक बरामद, इनाम घोषित करने पर खुद पकड़ा आरोपी
एमबी हॉस्पिटल पार्किंग से चोरी हुई बाइक का मालिक ने 61 किलोमीटर पीछा किया, सोशल मीडिया पर इनाम की घोषणा के बाद फिल्मी स्टाइल में पकड़ा आरोपी।

उदयपुर। शहर के हाथीपोल थाना क्षेत्र स्थित एमबी हॉस्पिटल की कार्डियोलॉजी पार्किंग से बाइक चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। घटना के बाद वाहन मालिक द्वारा सोशल मीडिया पर इनाम की घोषणा और स्वयं की सक्रियता ने इस मामले को सुर्खियों में ला दिया है।
पुलिस के अनुसार, लिंक रोड स्थित नवरतन कॉम्प्लेक्स निवासी अब्बास अली पुत्र अली हुसैन ने 12 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि उनके पिता के इलाज के लिए वे एमबी चिकित्सालय की आपातकालीन इकाई में आए थे और 10 मई की रात 10:15 बजे उन्होंने अपनी बाइक कार्डियोलॉजी पार्किंग में खड़ी की थी। जब उन्होंने वापस आकर देखा तो बाइक गायब थी। पार्किंग गार्ड ने दो लड़कों द्वारा बाइक चोरी कर ले जाने की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो युवक बाइक चोरी कर चेटक सर्कल की ओर जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच करते हुए पिलका, बेकरिया निवासी मानाराम पुत्र हकमाराम गरासिया को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस के समक्ष घटना स्थल की तस्दीक की है। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे 23 मई तक के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी से उसके साथी की गिरफ्तारी और अन्य संभावित चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
इस पूरे घटनाक्रम का एक रोचक पहलू यह रहा कि पुलिस कार्रवाई में देरी से परेशान होकर बाइक मालिक अब्बास अली ने सोशल मीडिया पर चोर को पकड़वाने वाले के लिए 5000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी। इसी सूचना पर वे अपने साथियों के साथ 61 किलोमीटर दूर तक पीछा करते हुए पहुंचे और फिल्मी स्टाइल में जीप रुकवाकर बाइक बरामद की, जिसे बाद में पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल, पुलिस अब मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।

