उदयपुर जिले के मावली तहसील के रख्यावल पंचायत के विठौली में रविवार रात को एक किसान के खेत में काटकर रखी गई करीब पौने तीन बीघा गेहूं की कटी फसल जल गई।

घटना का विवरण और ग्रामीणों का प्रयास

जानकारी के अनुसार किसान हेमराज डांगी पुत्र गंगाराम डांगी ने फसल की कटाई कर गेहूं की पुलियां खेत में एकत्रित करके रखी थीं। रात करीब 12 बजे अचानक फसल से लपटें उठने लगीं। पास ही दूसरे खेतों में थ्रेसर से गेहूं निकाल रहे किसानों ने आग देखी और तुरंत इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही खेत मालिक और अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कुओं की मोटरों की सहायता से पानी चलाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई लेकिन तब तक लगभग 30 से 35 बोरी गेहूं का नुकसान हो चुका था।

पुलिस जांच और पीड़ित का पक्ष

गनीमत रही कि समय रहते आग देख ली गई वरना आसपास के अन्य खेतों में पड़ी फसलें चपेट में आ सकती थीं। घटना की सूचना पर घासा पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पीड़ित किसान हेमराज ने बताया कि "खेत के आसपास कोई बिजली की लाइन नहीं है जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना नहीं है।" उन्होंने थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story