उदयपुर जिले के मावली थाना क्षेत्र के बडियार स्थित चितलियों का दाणा में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने धार्मिक स्थलों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने नोनियावाला बावजी मंदिर और माताजी मंदिर के दरवाजों को क्षतिग्रस्त कर भीतर रखे पीतल एवं स्टील के बर्तन, मंदिर की घंटियां तथा नकदी चोरी कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लिलरियों का दाणा (नाडियार) निवासी बाबूलाल गुर्जर ने मावली थाने में प्रस्तुत शिकायत में बताया कि मंगलवार रात्रि अज्ञात चोरों ने दोनों मंदिरों के दरवाजे खोलकर वहां रखा धार्मिक उपयोग का सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान में पीतल के बड़े बर्तन, झावर, स्टील की साबर, पीतल का तपेना, मंदिर परिसर के बाहर लगी लगभग दो किलोग्राम वजन की पीतल की घंटी तथा मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई लगभग 300 रुपये की नकदी शामिल है। इसके अलावा चोर तांबे का लोटा, पीतल की कटोरी और गिलास भी अपने साथ ले गए।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसी मंदिर में लगभग छह माह पूर्व भी चोरी की घटना हुई थी, जिसमें करीब 10 किलोग्राम वजन की पीतल की घंटी चोरी हो गई थी। लगातार दूसरी बार मंदिर में हुई चोरी की वारदात से ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी का माहौल है।

प्रार्थी ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की अपेक्षा की जा रही है।

धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाएं स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ऐसे में ग्रामीणों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर कब तक इन वारदातों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story