उदयपुर: मेरियट होटल में रुककर बिना बिल चुकाए फरार हुए चार जालसाज, केस दर्ज
कौशिक और निरंजन चन्द्रा पत्नियों के साथ 16 से 20 अक्टूबर तक मेरियट होटल में ठहरे थे, चेक-आउट के समय बिना भुगतान किए हुए फरार।

उदयपुर। झीलों की नगरी के बड़गांव थाना क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित होटल को हजारों की चपत लगाकर रफूचक्कर होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक होटल के असिस्टेंट डायरेक्टर ने चार व्यक्तियों के विरुद्ध कमरे बुक करवाकर बिना भुगतान किए फरार होने का आपराधिक प्रकरण दर्ज करवाया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोस प्रिवेंशन मेरियट होटल के असिस्टेंट डायरेक्टर शैतान सिंह, पुत्र किशन सिंह चौहान, निवासी उदपुरा लुणदा कानोड ने शिकायत दर्ज कराई है कि होटल में बीते 16 अक्टूबर 2025 को ऑनलाइन माध्यम से कौशिक चन्दा के नाम पर दो कमरे बुक किए गए थे। बुकिंग के आधार पर कौशिक चन्द्रा और निरंजन चन्द्रा अपनी-अपनी पत्नियों के साथ होटल पहुँचे और कमरों में ठहरे। इन चारों व्यक्तियों का चेक-आउट 20 अक्टूबर 2025 को निर्धारित था, लेकिन नियत तिथि पर ये चारों आरोपी बिना किसी को सूचना दिए और बिना बिल का भुगतान किए होटल परिसर से चुपचाप निकल गए। घटना का पता चलने पर जब होटल प्रबंधन ने कौशिक चन्द्रा से फोन पर संपर्क साधा, तो उसने जल्द ही भुगतान करने का आश्वासन दिया, किंतु लंबे समय के बाद भी राशि जमा नहीं करवाई गई। पुलिस ने जालसाजी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। यह घटना शहर के होटल व्यवसायियों के बीच सुरक्षा और ऑनलाइन बुकिंग सत्यापन को लेकर एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है।

