मल्लातलाई में विमल मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार पर हथियारों से हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हुए।

उदयपुर। शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र के मल्लातलाई इलाके में मुफ्त विमल (गुटखा) न देना एक दुकानदार और उसके परिवार के लिए काल बन गया। शराब के नशे में धुत एक युवक ने न केवल दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की, बल्कि जब पीड़ित परिवार थाने रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था, तब रास्ते में करीब 20 लोगों के साथ मिलकर उन पर सरिए, पाइप और चाकुओं से प्राणघातक हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, सज्जन नगर मल्लातलाई, रिमझिम वाटिका के पास ब्लॉक राताखेत निवासी भैरू भारती पुत्र अमर भारती ने मामला दर्ज कराया है। भैरू भारती 19 अप्रैल की शाम करीब 5:30 बजे अपने मकान के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान में बैठा था। इसी दौरान भूरिया गमेती नाम का युवक नशे की हालत में दुकान पर आया और मुफ्त में विमल मांगने लगा। दुकानदार द्वारा पैसे मांगने पर भूरिया आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चला गया। महज 5 मिनट बाद भूरिया लट्ठ और चाकू लेकर लौटा और दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। जाते समय आरोपी ने गल्ले में रखा दिनभर का सारा कलेक्शन भी लूट लिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर पीड़ित को थाने आकर एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी। हालांकि, आरोपियों का हौसला इतना बुलंद था कि रात में भूरिया गमेती अपने साथी पिंका और 2-3 अन्य लोगों के साथ दोबारा आया और पीड़ित के घर का चबूतरा व मुख्य गेट भी तोड़ दिया। इस आतंक से डरे भैरू भारती ने अपने परिजनों को बुलाया और जब वे सभी मिलकर अंबामाता थाने में रिपोर्ट लिखवाने जा रहे थे, तब रास्ते में एक बिंदोली के पास भूरिया, पिंका और 15-20 अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया।
हमलावरों के हाथों में बेसबॉल, चाकू, पाइप और सरिए थे। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से परिवार पर हमला बोल दिया, जिसमें हरीश के सिर पर पाइप लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद अक्षत पर सरिए और चाकू से वार किए गए। भूरिया, पिंका, उसकी मां, बहन और उनके अन्य साथियों ने संदीप, हर्ष, प्रिंस और भव्यांशु को नीचे पटककर सरिए व पाइप से तब तक पीटा जब तक वे अधमरे नहीं हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अंबामाता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।

