वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्र समर्पण के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती तथा हल्दीघाटी विजय के 450वें वर्ष के उपलक्ष्य में उदयपुर ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को लेकर पूरे मेवाड़ अंचल में उत्साह का वातावरण है। इस महत्वपूर्ण आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत मंगलवार सायंकाल उदयपुर पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक स्वागत किया गया।

महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर प्रताप गौरव केन्द्र में स्थापित 57 फीट ऊंची महाराणा प्रताप की बैठक प्रतिमा का विधिवत दुग्धाभिषेक किया गया। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने कहा कि महाराणा प्रताप राष्ट्र प्रथम के संकल्प के धनी थे और उनका जीवन मातृभूमि एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए सर्वस्व समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप के जीवन और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उनके व्यक्तित्व से जुड़े अध्यायों को पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी संघर्ष और आत्मसम्मान का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख अरुण जैन, क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह राठौड़ तथा क्षेत्र सह कार्यवाह गेंदालाल सैनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि बुधवार सुबह 9:30 बजे महाराणा भूपाल स्टेडियम स्थित गांधी ग्राउंड में विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा का आयोजन होगा। सभा में सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में संत समाज का सान्निध्य भी रहेगा तथा राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, प्रबुद्धजन और कार्यकर्ता भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। हर वर्ष 18 जून को हल्दीघाटी विजय दिवस मनाया जाता है, जबकि इस बार महाराणा प्रताप जयंती 17 जून को पड़ रही है। इसी विशेष अवसर पर गत एक वर्ष से चल रहे हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह का समापन राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के साथ किया जाएगा।

आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। लगभग 25 से 30 हजार लोगों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए दो लाख वर्गफुट क्षेत्रफल में विशाल डोम तैयार किया गया है, जिसमें 20 हजार से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। गर्मी से राहत के लिए पंखे, मिस्ट सिस्टम और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मंच के सामने मिट्टी से कुंभलगढ़, चित्तौड़गढ़ के विजय स्तंभ और हल्दीघाटी युद्ध के दृश्य उकेरे गए हैं, जबकि मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती विशेष रंगोलियां भी सजाई गई हैं।

आयोजन की तैयारियों के लिए 20 से अधिक समितियों का गठन किया गया है। आवास, यातायात, मंच सज्जा, भोजन, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता और स्वागत जैसी व्यवस्थाओं में हजारों कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। समन्वय के लिए प्रताप गौरव केन्द्र में केंद्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है।

राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के प्रचार-प्रसार के लिए हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा से जुड़े दो लाख पत्रक घर-घर वितरित किए गए हैं। यह अभियान उदयपुर सहित बांसवाड़ा, डूंगरपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, सलूम्बर, अजमेर, ब्यावर, जयपुर, जोधपुर, कोटा और झालावाड़ तक पहुंचा, वहीं गुजरात और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भी इसकी पहुंच रही।

आयोजन स्थल पर चिकित्सा सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है। एम्बुलेंस, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और आपातकालीन टीमों की तैनाती की गई है। साथ ही आयोजन को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है। पानी की व्यवस्था और कूड़ेदानों में मिट्टी आधारित सामग्री का उपयोग किया जाएगा।

इस बीच प्रताप गौरव केन्द्र को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर आकर्षण का केंद्र बन गया है। हल्दीघाटी की माटी से महाराणा प्रताप और डॉ. मोहनराव भागवत की विशेष तस्वीर भी तैयार की जा रही है। वहीं बाहर से आने वाले आगंतुकों के लिए 25 हजार से अधिक भोजन पैकेट की व्यवस्था की गई है।

महाराणा प्रताप की जयंती और हल्दीघाटी विजय के 450वें वर्ष पर आयोजित यह समारोह केवल एक स्मृति आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना, स्वाभिमान और ऐतिहासिक गौरव के पुनर्स्मरण का विराट मंच बनने जा रहा है, जिसमें मेवाड़ की वीर परंपरा और राष्ट्रीय भावनाओं का अद्वितीय संगम देखने को मिलेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story