उदयपुर(वि.)। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच एलपीजी गैस सिलेण्डर को लेकर बन रही उहापोह की स्थिति के बीच जिला प्रशासन एलपीजी वितरण को लेकर पूरी तरह से सतर्क है। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बुधवार को कलक्ट्रेट मिनी सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में एलपीजी वितरकों की बैठक ली। इसमें जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और किसी भी स्तर पर अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गैस आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर

बैठक के दौरान जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर ने जिले के आंकड़ों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि उदयपुर जिले में वर्तमान में कुल 44 गैस वितरक फर्म कार्यरत हैं, जिनमें एचपीसीएल के 8, बीपीसीएल के 18 और आईओसीएल के 18 वितरक शामिल हैं। जिले में कुल 6 लाख 73 हजार 99 घरेलू गैस कनेक्शन धारक हैं। इनमें से 3 लाख 63 हजार 142 उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं तथा 3 लाख 9 हजार 957 सामान्य उपभोक्ता शामिल हैं।

कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला कलक्टर ने वितरण व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर दिखाते हुए अधिकारियों और वितरकों को निर्देशित किया कि "गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमित वितरण की शिकायत मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रहनी चाहिए ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि जिले में प्रतिदिन लगभग 10 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है तथा घरेलू गैस की आपूर्ति 48 से 72 घंटे के भीतर सुनिश्चित की जा रही है।

संस्थानों को प्राथमिकता और व्यावसायिक स्टॉक के निर्देश

वर्तमान में घरेलू गैस कनेक्शन धारकों के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों और चिकित्सा संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की प्रतिदिन लगभग 1000 सिलेंडरों की आवश्यकता रहती है। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि गैर-घरेलू सिलेंडरों का भी पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए और कालाबाजारी करने वालों की अब खैर नहीं होगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, एसडीएम गिर्वा अवुला सांईकृष्ण, बीपीसीएल प्रादेशिक प्रबंधक अजय पटेल, विक्रय अधिकारी श्लोक गुप्ता, एचपीसीएल के विक्रय अधिकारी दीपक आचार्य, आईओसीएल के विक्रय अधिकारी धर्मेंद्र सहित विभिन्न एलपीजी वितरक उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story