उदयपुर: घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला कलक्टर नमित मेहता ने एलपीजी वितरकों के साथ बैठक कर आपूर्ति सुनिश्चित करने और अफवाहों से बचने के निर्देश दिए।

उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट के मिनी सभागार में जिला कलक्टर नमित मेहता एलपीजी वितरकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए।
उदयपुर, 11 मार्च। खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के चलते एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर बन रही उहापोह की स्थिति के बीच जिला प्रशासन एलपीजी वितरण को लेकर पूरी तरह से सतर्क है। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बुधवार को कलक्ट्रेट मिनी सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में एलपीजी वितरकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि "आमजन को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और किसी भी स्तर पर अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
गैस सिलेंडर आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर
बैठक में जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर ने जिले के आंकड़ों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उदयपुर जिले में कुल 44 गैस वितरक फर्म कार्यरत हैं, जिनमें एचपीसीएल के 8, बीपीसीएल के 18 और आईओसीएल के 18 वितरक शामिल हैं। जिले में कुल 6 लाख 73 हजार 99 घरेलू गैस कनेक्शन धारक हैं, जिनमें 3 लाख 63 हजार 142 उज्ज्वला योजना तथा 3 लाख 9 हजार 957 सामान्य उपभोक्ता शामिल हैं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जिले में प्रतिदिन लगभग 10 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है तथा घरेलू गैस की आपूर्ति 48 से 72 घंटे के भीतर सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में घरेलू गैस कनेक्शन धारकों, शिक्षण संस्थानों और चिकित्सा संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की प्रतिदिन लगभग 1000 सिलेंडरों की आवश्यकता है। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि गैर-घरेलू सिलेंडरों का भी पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए। कलक्टर मेहता ने अधिकारियों और वितरकों को कड़ाई से निर्देशित किया कि "गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमित वितरण की शिकायत मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।" उन्होंने बल देते हुए कहा कि गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रहनी चाहिए ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, एसडीएम गिर्वा अवुला सांईकृष्ण, बीपीसीएल प्रादेशिक प्रबंधक अजय पटेल, विक्रय अधिकारी श्लोक गुप्ता, एचपीसीएल के विक्रय अधिकारी दीपक आचार्य, आईओसीएल के विक्रय अधिकारी धर्मेंद्र सहित विभिन्न एलपीजी वितरक उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर की आमजन से विशेष अपील
जिला कलक्टर नमित मेहता ने आम उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर किसी प्रकार से पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि "जिन लोगों ने बुकिंग करा रखी है, उन्हें नियमानुसार घरेलू गैस सिलेंडर निर्बाध रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं, अतः किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
