उदयपुर: उधार शराब न देने पर सेल्समैन से मारपीट, आरोपी सत्तू गिरफ्तार
रंगनिवास में उधार शराब के लिए सेल्समैन को पीटने वाला आरोपी संजय सिंह उर्फ सत्तू सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की गिरफ्त में आया।

उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में उधार में शराब देने से मना करने पर एक बदमाश ने शराब की दुकान में घुसकर सेल्समैन के साथ मारपीट कर दी। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दुकान में घुसकर गाली-गलौच और हमला
जानकारी के अनुसार रंगनिवास में एक शराब की दुकान है। वहां गुरूवार शाम को एक बदमाश संजय सिंह उर्फ सत्तू निवासी किशनपोल गया और उधार में शराब मांगने लगा। जब सेल्समैन ने उधार शराब देने से इंकार कर दिया तो आरोपी बदमाश पहले गाली-गलौच करने लगा और बाद में दुकान में घुस गया और सेल्समैन से मारपीट करने लगा। आरोपी बदमाश मारपीट करते-करते सेल्समैन को दुकान के बाहर तक लेकर आ गया, जिसे देख वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
घटना के बाद बदमाश सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देता हुआ वहां से चला गया। इस संबंध में सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि "इस संबंध में किसी ने कोई रिपोर्ट नहीं दी है पर वीडियो के आधार पर किशनपोल क्षेत्र में रहने वाले बदमाश संजय सिंह उर्फ सत्तू को पुलिस ने पकड़ा।" वर्तमान में पुलिस द्वारा इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
