उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा गांव में आयोजित पंचायत स्तरीय सात दिवसीय वॉलीबॉल लीग सीजन-3 का समापन खेल भावना, रोमांच और उत्साह के साथ हुआ। फाइनल मुकाबले में चामुण्डा इंटरप्राइजेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामदेव स्मेशर्स को 3-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही प्रतियोगिता का समापन खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।

आयोजक सचिव भारतेन्द्र सिंह सारंगदेवोत ने बताया कि इस लीग में कुल 60 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया और उन्हें छह टीमों में विभाजित किया गया, जिससे प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा का स्तर और अधिक रोमांचक हो गया। जय अम्बे वॉलीबॉल क्लब के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह सारंगदेवोत ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में पिंकसा स्पोर्ट्स, जो पहले सीजन की विजेता रही और जिसके टीम स्पॉन्सर दीनपालसिंह सारंगदेवोत थे, द्वितीय सीजन की विजेता धनगर स्पोर्ट्स, केशव स्पोर्ट्स जिसके स्पॉन्सर तुलसीराम मेघवाल थे, रामदेव स्मेशर्स जिसके स्पॉन्सर कमल मेघवाल थे, चामुण्डा इंटरप्राइजेज जिसके स्पॉन्सर भेरूसिंह सिसोदिया थे तथा बीएन स्पोर्ट्स टीम ने हिस्सा लिया।

लीग का फाइनल मुकाबला रामदेव स्मेशर्स और चामुण्डा इंटरप्राइजेज के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेले गए इस मुकाबले में अंत तक कांटे की टक्कर रही, लेकिन निर्णायक क्षणों में चामुण्डा इंटरप्राइजेज ने बेहतर रणनीति और संयम दिखाते हुए 3-2 से जीत दर्ज की।

समापन समारोह में सरपंच नानूराम गायरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में हमेरसिंह सिसोदिया, ठाकुर दीनदयाल सिंह, नारायणसिंह, हरिकिशन सुथार, शैलेश चौधरी, शिवलाल गायरी, नेशनल खिलाड़ी भूरालाल गायरी तथा नाथूलाल मेघवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। जय अम्बे वॉलीबॉल क्लब की ओर से विजेता चामुण्डा इंटरप्राइजेज टीम को 7100 रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता रामदेव स्मेशर्स को 4100 रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

लक्ष्मणपुरा वॉलीबॉल लीग सीजन-3 का यह सफल आयोजन न केवल ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का माध्यम बना, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को सशक्त करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story