उदयपुर। शहर के समीप टीड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही बेटे के खिलाफ पेंशन चालू करवाने का झांसा देकर हिस्से में आई जमीन बेचने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार चम्पा पुत्री भेरा जी मीणा पत्नी नाना मीणा निवासी रोडा सोमावत बिलख ने शांतिलाल पुत्र नानालाल निवासी किकावत ओडा, मनोहरलाल पुत्र मोहनलाल मीणा चौकी फला पडूणा बारापाल, कैलाश पुत्र नाथूलाल मीणा जाति मीणा निवासी खरकातालाब ओडवाडिया सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

विरासत की जमीन और धोखाधड़ी का जाल

प्रार्थिया ने रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता भैरालाल मीणा की मौत के बाद उनकी जमीन टीड़ी में स्थित है, जिसमें केसर, रणछोड एवं वह स्वयं बराबर के हिस्सेदार हैं। उसके पुत्र शांतिलाल ने उसको विश्वास दिलाया कि सरकारी योजना में विधवा वृद्ध महिला को एक हजार रूपये प्रतिमाह पेंशन दिलाने का झांसा देकर उससे विभिन्न दस्तोवजों पर अंगूठे लगवाए और जमीन की रजिस्ट्री करवा दी।

कागजों के हेरफेर से हुआ खुलासा

धोखाधड़ी का यह मामला तब सामने आया जब प्रार्थिया के भाई रणछोड को जाति प्रमाण पत्र बनाने की आवश्यकता हुई। इसके लिए जब जमीन के खातों की नकलें निकलवाई गई, तो पता चला कि उसकी सारी जमीन मनोहरलाल मीणा और कैलाश मीणा के नाम करवा दी गई है।

बिना भुगतान के करवा ली रजिस्ट्री

पीडिता का आरोप है कि "उसके पुत्र ने पेंशन दिलाने का झांसा देकर सरकारी कार्यालय में ले जाकर कागजों पर हस्ताक्षर व अंगूठा निशानी करवा कर जमीन की रजिस्ट्री करवा दी, जबकि उसे एक भी रूपया नहीं मिला।" पुलिस ने अब इस पूरे प्रकरण में शांतिलाल और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story