उदयपुर: जमीन विवाद में युवक का अपहरण और मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार
सुखेर थाना पुलिस ने 29 अगस्त को कैलाशपुरी में हुए अपहरण और फायरिंग मामले में फरार नरेश सुथार और शंकर डांगी को खमनोर से गिरफ्तार किया।

उदयपुर। शहर की सुखेर थाना पुलिस ने एक जमीन विवाद में एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस की कार्रवाई ने इस गंभीर मामले में शामिल अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
घटना का विवरण
जयपाल सिंह पुत्र स्वरुप सिंह भाटी निवासी घोटच खमनोर ने सुखेर थाने में मामला दर्ज करवाया कि 29 अगस्त 25 को वह अपने दोस्त भूपेन्द्र सिंह, पुष्कर सिंह और गोविन्द सिंह के साथ एकलिंग जी दर्शन करने जा रहे थे। इस दौरान उनके साथी भूपेन्द्र सिंह को पंकज सुथार निवासी घोडच का फोन आया कि मिलना है। जैसे ही वे लोग कैलाशपुरी तालाब, रामा रोड कट पर पहुँचे, तो वहाँ भगवत सिंह निवासी उषाण अपने साथियों माधुलाल डांगी, शंकरलाल डांगी, शिवलाल डांगी, पंकज सुथार और नरेश के साथ आ पहुँचा।
आरोपियों ने कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर जबरन रास्ता रोक दिया। कार से माधुलाल तथा भगवत सिंह दोनों रिवाल्वर लेकर नीचे उतरे। भगवत सिंह ने रिवाल्वर से फायर किया, लेकिन जयपाल सिंह बाल-बाल बच गया। इसके बाद भगवत सिंह व उसके अन्य साथी तलवार व लट्ठ लेकर नीचे उतरे और जयपाल के साथ मारपीट की।
अपहरण और धमकी
आरोपियों ने मारपीट करने के बाद उसे जबरन अपनी कार में डाल लिया और सास-बहु मंदिर के पास एक सुनसान जगह पर ले जाकर पुनः मारपीट की। जयपाल ने मौका पाकर अपनी बड़ी बहन हंस कुंवर झाला को फोन किया। घटना की सूचना मिलते ही उसके जीजा और अन्य साथियों ने तलाश शुरू कर दी। परिजनों के आने की भनक लगते ही आरोपी उसे बाईपास वाले रास्ते पर फेंक कर फरार हो गए।
जाते-जाते भगवत सिंह ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि, "अपने जीजा लक्ष्मण सिंह झाला को समझा देना कि वह कपिल सुराणा के रास्ते से हट जाए व आईटीसी कंपनी का साथ देना बंद कर दे।"
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में फरार चल रहे आरोपी नरेश सुथार पिता शंकरलाल सुथार और शंकर डांगी पुत्र भैरूलाल डांगी निवासी घोडच खमनोर, राजसमंद को गिरफ्तार कर लिया है। करोड़ों की जमीन विवाद के चलते हुए इस अपहरण और जानलेवा हमले की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
