उदयपुर: कुराबड़ में बाइक से गिरकर वृद्धा की मौत, लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज
रूणिजा निवासी 74 वर्षीय सरसी बाई अपने भाई के साथ खेत जा रही थीं, बाराघाटी के पास बाइक से सिर के बल गिरने के कारण निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा।

उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक से गिरने के कारण 74 वर्षीय वृद्धा की उपचार के दौरान मौत हो गई।
उदयपुर के कुराबड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रूणिजा जगत कुराबड़ निवासी सरसी बाई (74) पत्नी कल्याण सिंह शनिवार को सुबह अपने भाई लाल सिंह सिसोदिया के साथ बाइक पर बैठकर रूणिजा से खेत गटकाड जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में बाराघाटी के पास बाइक को लापरवाही से चलाया गया, जिससे पीछे बैठी सरसी बाई अचानक अनियंत्रित होकर सिर के बल नीचे सड़क पर गिर गईं।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
बाइक से गिरने के कारण सरसी बाई गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें तत्काल गंभीर घायल अवस्था में एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हादसे के बाद मृतका के शव को एमबी चिकित्सालय लाया गया। वहां मौजूद एएसआई लालूराम ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों और लापरवाही की गहनता से जांच कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
