उदयपुर। शहर के कुराबड़ थाने से मात्र 150 मीटर की दूरी पर स्थित ज्वेलरी शॉप से 1.80 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी के मामले में अब तक पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा है। जानकारी के अनुसार कुराबड़ सदर बाजार में स्थित मोहित ज्वेलर्स की दुकान पर कुछ दिनों पूर्व नकबजनों ने धावा बोला। शातिर बदमाश दुकान से 100 किलो चांदी एवं 200 ग्राम सोने के जेवरात कट्टों में भरकर ले गए।

सीसीटीवी क्षतिग्रस्त और डीवीआर ले उड़े बदमाश

नकबजन इतने शातिर हैं कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने से पहले क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और दुकान में लगी डीवीआर भी तोड़कर अपने साथ ले गए। घटना को करीब 12 दिन हो चुके हैं पर अब तक पुलिस के हाथ में कुछ भी नहीं आया है। पुलिस टीम ने जांच की तो पता चला कि पूरे मार्ग में एक सीसीटीवी कैमरा ही चल रहा था, जिसमें सात नकाबपोश नकबजन नजर आ रहे थे।

एसपी ने स्पेशल टीम को सौंपी जांच

मात्र सीसीटीवी कैमरों के आधार पर यह पता चला है कि वारदात को सात नकाबपोश नकबजनों ने अंजाम दिया, लेकिन अब तक कोई पकड़ में नहीं आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने इस प्रकरण की जांच स्पेशल टीम के सुपुर्द की है। पुलिस ने दावा किया है कि "मिल्ले इनपुट के आधार पर शीघ्र ही नकबजनों को गिरफ्त में ले लिया जायेगा।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story