उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में थाने से मात्र 150 मीटर दूर एक सर्राफा व्यवसायी की दुकान के ताले और सीसीटीवी कैमरे तोड़कर करीब दो करोड़ रूपए मूल्य के 100 किलो चांदी और 20 तोला सोने के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर ली है। पुलिस ने मामले में 'कंजर गिरोह' के तीन चोरों को डिटेन भी किया है और अब शेष आरोपियों और चोरी गए माल की बरामदगी का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि जिन तीन आरोपियों को पुलिस ने डिटेन किया है वे चित्तौड़ के निवासी हैं, आदतन नकबजन हैं और एक सीसीटीवी कैमरे में कैद होने पर उनके चालचलन के आधार पर पुलिस उन तक पहुँची है।

थाने के पास बेखौफ वारदात

जानकारी के अनुसार कुराबड़ के सदर बाजार में सर्राफा व्यवसायी अशोक सोनी की कुराबड़ थाने से मात्र 150 मीटर दूर मोहित ज्वैलर के नाम से शॉप है। दुकान के उपर मकान है, जिसमें कुछ किराएदार रहते हैं, जो घटना के समय गांव गए हुए थे। 15 मार्च की रात को करीब 12 बजे कुछ चोरों ने मौका देखकर इस दुकान का ताला तोड़ा और दुकान में रखे करीब 100 किलो चांदी के जेवरात और 200 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर ले गए। बदमाश 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना कट्टों में भरकर ले गए, जिससे सुबह जब व्यापारी मौके पर पहुँचा तो पाया कि चोरों ने दुकान पूरी तरह से साफ कर दी थी।

सीसीटीवी और पहचान की कार्रवाई

चोरों ने साक्ष्य मिटाने के लिए दुकान में लग रहे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया था और डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। हालांकि, पुलिस ने बाजार में अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की तलाश की तो एक सीसीटीवी में चोर नजर आए थे, जिनकी संख्या आधा दर्जन से अधिक थी। कस्बे से दो करोड़ के जेवरातों की चोरी के बाद से ही पुलिस टीमें लगातार चोरों को पकड़ने का प्रयास कर रही थीं।

चित्तौड़गढ़ के गिरोह का पर्दाफाश

पुलिस टीमों ने कस्बे से बाहर निकलने वाले मार्गों और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक किए और इन चोरों के सीसीटीवी फुटेज संभागभर में पुलिस अधिकारियों को वायरल किए। इसके बाद चोरों के हाव-भाव, चाल-चलन और चोरी करने के स्टाइल से उनकी पहचान चित्तौड़गढ़ की एक गैंग के रूप में हुई। यह गैंग चित्तौड़ के विजयपुर थाना क्षेत्र की निवासी है और यह गिरोह 'कंजर चोर गिरोह' के नाम से जाना जाता है। यह गिरोह इसी तरह से अन्य जिलों और कस्बों में जाकर चोरियां करता है। उदयपुर की पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर तीन बदमाशों को डिटेन किया है और इनके आधार पर इनके अन्य सहयोगियों की भी पहचान कर ली गई है। पुलिस अब चोरी गया करोड़ों का माल और शेष अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story