उदयपुर के खेरवाड़ा में पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग का मामला
पुलिस ने परिजनों की सहमति के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाकर सौंप दिया है, मर्ग दर्ज कर मामले की जांच जारी है।

तस्वीर में उदयपुर जिले के राजस्थान पुलिस थाना पाटिया का मुख्य भवन दिखाई दे रहा है।
खेरवाड़ा उपखंड के नयागांव क्षेत्र में पाटिया थाना अंतर्गत बुदरा बलीचा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पलाश के पेड़ से युवक-युवती के शव लटके मिले। सूचना मिलते ही पाटिया थानाधिकारी रमेश चंद्र मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।
मृतकों की पहचान अजीत कुमार (20) पुत्र लक्ष्मण डामोर निवासी निचला फला, बुदरा बलीचा तथा शिल्पा (18) पुत्री हजाराम डामोर निवासी बुदरा बलीचा के रूप में हुई। दोनों एक ही क्षेत्र के निवासी थे और पढ़ाई कर रहे थे। अजीत खेरवाड़ा के राजकीय विद्यालय में कक्षा 12वीं तथा शिल्पा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बलीचा में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत थी।
बताया गया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। शुक्रवार सुबह ग्रामीण मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने पलाश के पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतकों के परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पाटिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। थाना अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों, परिजनों और गांव के पंच-मोतबीरों की मौजूदगी में घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर सुरक्षित रखवाया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों से बातचीत कर समझाइश की। दोनों पक्षों में आपसी सहमति बनने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा भिजवाया गया। शुक्रवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
शुक्रवार देर शाम पाटिया थाना में हाजाराम पुत्र चुन्नीलाल डामोर उम्र 42 साल निवासी बुदरा तथा कनकमल पुत्र हाकला डामोर उम्र 40 साल निवासी बुदरा द्वारा दर्ज कराए गए मर्ग के आधार पर थानाधिकारी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
